Priyanka Chopra On Movie Varanasi: बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने हाल ही में फिल्म 'वाराणसी' को लेकर बात की है। क्या है पूरा मामला. चलिए जानते हैं।
Priyanka Chopra On Movie Varanasi: ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर भारतीय सिनेमा में दमदार वापसी के लिए तैयार हैं। लंबे समय से चर्चा में बनी उनकी आगामी फिल्म 'वाराणसी' को लेकर अभिनेत्री ने बड़ा अपडेट शेयर किया है। हाल ही में अमेरिकी चैट शो 'द टूनाइट शो' में बातचीत के दौरान उन्होंने खुलासा किया कि फिल्म की शूटिंग अभी खत्म नहीं हुई है और टीम को अगले छह महीनों तक और काम करना है।
एसएस राजामौली के निर्देशन में बन रही ये फिल्म पहले ही अपने शानदार लेवल और स्टारकास्ट की वजह से सुर्खियों में है। अब प्रियंका चोपड़ा के इस खुलासे ने दर्शकों की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है।
चैट शो के होस्ट जिमी फॉलन से बातचीत करते हुए प्रियंका चोपड़ा ने बताया कि फिल्म की शूटिंग पिछले 14 महीनों से लगातार चल रही है। उन्होंने हंसते हुए कहा कि अभी 6 महीने का काम और बाकी है, यानी कुल मिलाकर फिल्म की शूटिंग लगभग 20 महीनों से भी ज्यादा लंबी हो जाएगी।
इतनी लंबी शूटिंग सुनकर जिमी फॉलन भी हैरान रह गए और मजाक में बोले कि ये तो लगभग ढाई साल का फिल्मी सफर बन गया है। प्रियंका ने इसे अपने करियर के सबसे बड़े और चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट्स में से एक बताया।
फिल्म का निर्देशन कर रहे एस एस राजामौली को प्रियंका ने भारत के सबसे प्रतिभाशाली निर्देशकों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि कई सालों बाद किसी भारतीय फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास है।
अभिनेत्री के मुताबिक, 'वाराणसी' सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि एक विशाल सिनेमाई एडवेंचर है, जिसमें बड़े स्तर की कहानी और विजुअल अनुभव देखने को मिलेगा। उन्होंने ये भी हिंट दिया कि दर्शकों को कुछ बिल्कुल नया देखने को मिलने वाला है।
फिल्म को लेकर सबसे दिलचस्प बात ये है कि इसे 'आईमैक्स' फॉर्मेट में शूट किया जा रहा है। प्रियंका ने बताया कि पूरी फिल्म बड़े स्क्रीन अनुभव को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है, जिससे थिएटर्स में दर्शकों को शानदार विजुअल ट्रीट मिलेगी।
आज के दौर में जहां बड़े बजट की फिल्मों में तकनीक अहम भूमिका निभा रही है, वहीं 'वाराणसी' को भी इंटरनेशनल स्तर की फिल्म बनाने की तैयारी दिखाई दे रही है।
फिल्म में प्रियंका चोपड़ा के साथ साउथ सुपरस्टार महेश बाबू और अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस मल्टी-स्टारर प्रोजेक्ट को भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में गिना जा रहा है। पहले लुक के रिलीज होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई थी।
प्रियंका चोपड़ा पिछले 6-7 सालों से मुख्य रूप से हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स में बिजी रही हैं। ऐसे में भारतीय फिल्म में उनकी वापसी को लेकर फैंस बेहद उत्साहित हैं। ‘देसी गर्ल’ को फिर से बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार दर्शकों के बीच साफ नजर आ रहा है।
निर्माताओं के अनुसार 'वापाणसी' 27 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म मूल रूप से तेलुगु भाषा में बनाई जा रही है, लेकिन इसे हिंदी समेत कई भाषाओं में डब कर पैन-इंडिया स्तर पर रिलीज किया जाएगा।
लंबी शूटिंग, भव्य पैमाना और अंतरराष्ट्रीय तकनीक के साथ बन रही ये फिल्म आने वाले समय में भारतीय सिनेमा के लिए बड़ा माइलस्टोन साबित हो सकती है। अब दर्शकों की नजरें उस दिन पर टिकी हैं, जब ये सिनेमाई एडवेंचर बड़े पर्दे पर उतरेगा।