
Vashu Bhagnani hospitalised in London: बॉलीवुड के दिग्गज फिल्म निर्माता और 'पूजा एंटरटेनमेंट' के मालिक वाशु भगनानी (Vashu Bhagnani) को लेकर एक चिंताजनक खबर सामने आई है कि वाशु भगनानी को लंदन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वाशु भगनानी को अचानक क्या हुआ? कैसे उनकी तबीयत बिगड़ी इसकी कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। वहीं, बीते दिन फिल्म फंडिंग में कथित वित्तीय गड़बड़ियों के सिलसिले में रकुल प्रीत सिंह, वाशु भगनानी से जुड़े 12 ठिकानों पर इनकम टैक्स (IT) का छापा पड़ा था।
वाशु भगनानी के अचानक अस्पताल में भर्ती होने का सटीक कारण अभी तक उजागर नहीं किया गया है। ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, जब उनकी सेहत और स्थिति के बारे में संपर्क करने की कोशिश की गई, तो भगनानी ने बेहद संक्षिप्त प्रतिक्रिया दी। उन्होंने निजता का अनुरोध करते हुए कहा कि वह इस समय "अकेले" रहना चाहते हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर बॉलीवुड गलियारों और मीडिया में अभी और आधिकारिक जानकारियों का इंतजार किया जा रहा है।
मुंबई इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने जो अपना बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया है, वह फिल्म प्रोजेक्ट्स को फाइनेंस करने की आड़ में कथित तौर पर विदेश भेजे गए पैसों (Foreign Transactions) के शक में शुरू किया है।
जांच अधिकारियों का मानना है कि बॉलीवुड फिल्मों की फंडिंग के बहाने फंड की अफरा-तफरी की जा रही थी। रिपोर्टों के अनुसार, आयकर विभाग की अलग-अलग टीमें कथित विदेशी वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों, अकाउंट रिकॉर्ड्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की गहनता से जांच कर रही हैं। इन रिकॉर्ड्स की पूरी पड़ताल के बाद ही जांच के तहत चल रहे ट्रांजैक्शन के असल मकसद और वित्तीय रकम का साफ तरीके से पता चल सकेगा।
वाशु भगनानी हिंदी सिनेमा के बेहद चर्चित और सफल निर्माताओं में से एक हैं। उन्होंने साल 1995 में 'पूजा एंटरटेनमेंट' की स्थापना की थी और उसी साल गोविंदा स्टारर सुपरहिट कॉमेडी फिल्म 'कुली नंबर 1' से बतौर प्रोड्यूसर अपना सफर शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने 'हीरो नंबर 1', 'बीवी नंबर 1', 'प्यार किया तो डरना क्या' और रोमांटिक कल्ट फिल्म 'रहना है तेरे दिल में' जैसी कई यादों में बसी फिल्में दीं।
हाल के सालो में, पूजा एंटरटेनमेंट का नेतृत्व उनके बेटे और निर्माता जैकी भगनानी संभाल रहे हैं। इस बैनर ने 'सरबजीत', 'बेल बॉटम' और साल 2024 की बड़े बजट की एक्शन फिल्म 'बड़े मियां छोटे मियां' (अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ स्टारर) जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट्स तैयार किए हैं। जैकी की शादी अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह से हुई है, जिससे उनका पूरा परिवार ही इस जांच के केंद्र में आ गया है। फिलहाल आयकर विभाग की जांच लगातार जारी है।