
सोनी राजदा ने विदु विनोद चोपड़ा को लेकर की बात (Photo Source- Instagram/sonirazdan)
Soni Razdan On Vidhu Vinod Chopra:अभिनेत्री सोनी राजदान (Soni Razdan) आज भारतीय सिनेमा और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स का एक बेहद सम्मानित नाम हैं। सफलता के इस मुकाम तक पहुंचने का उनका सफर उतना आसान नहीं रहा। 80 के दशक में करियर की शुरुआत करने वाली सोनी राजदान को शुरुआती दौर में न सिर्फ लगातार रिजेक्शन झेलने पड़े, बल्कि काम करने के बाद पैसे न मिलने की तंगी से भी गुजरना पड़ा था। हाल ही में उन्होंने फिल्म खामोश को लेकर एक दिलचस्प और भावुक किस्सा सुनाया है कि कैसे उन्हें पूरे 10 साल बाद फीस का चेक मिला था।
सोनी राजदान ने हिंदुस्तान टाइम्स के साथ खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने साल 1986 में आई चर्चित सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म 'खामोश' (Khamosh) के दिनों को याद किया। यह दिग्गज फिल्ममेकर विधु विनोद चोपड़ा की दूसरी फीचर फिल्म थी, जिसे उन्होंने खुद ही प्रोड्यूस और फाइनेंस किया था। फिल्म में सोनी राजदान के साथ नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी, अमोल पालेकर और पंकज कपूर जैसे बड़े कलाकार मुख्य भूमिकाओं में थे।
सोनी राजदान ने उस दौर की तंगी और वादे का जिक्र करते हुए कहा, "विधु विनोद चोपड़ा बहुत ही ईमानदार और अच्छे इंसान हैं। जब मैंने 'खामोश' में काम किया, तो उन्होंने हमें उस समय कोई पैसे नहीं दिए थे। उन्होंने साफ कहा था कि जब मैं इस फिल्म को बेचूंगा या मुझे मेरा पैसा वापस मिलेगा, तब मैं सभी कलाकारों को उनकी फीस जरूर दूंगा।"
फिल्म 'खामोश' को उस वक्त समीक्षकों की तरफ से काफी पॉजिटिव रिस्पांस मिला था, लेकिन थिएटर में यह कमर्शियल सफलता हासिल नहीं कर पाई। आगे चलकर 90 के दशक में जब टीवी और शुरुआती केबल टेलीविजन के राइट्स बिके, तब यह फिल्म दर्शकों के बीच 'कल्ट क्लासिक' साबित हुई। फिल्म से मुनाफा होते ही विधु विनोद चोपड़ा ने अपना 10 साल पुराना वादा निभाया।
सोनी ने मुस्कुराते हुए याद किया, "लगभग 10 साल बीत जाने के बाद, एक दिन अचानक मेरे घर पर एक लिफाफा आया जिसमें फीस का चेक था। मैं हैरान रह गई और सोचने लगी कि मुझे यह चेक क्यों मिल रहा है? जब मैंने विधु को फोन किया, तो उन्होंने कहा- 'सोनी, मैंने तुमसे वादा किया था कि जब पैसे आएंगे तो मैं तुम्हें जरूर दूंगा।' वह सच में मेरे दिल को छू लेने वाला और एक अद्भुत पल था।"
अपनी निजी जिंदगी के इन खूबसूरत संस्मरणों के साथ-साथ सोनी राजदान इन दिनों अपने शानदार प्रोजेक्ट्स के लिए सुर्खियों में हैं। हाल ही में 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई हरीश व्यास की फिल्म 'ओम का हारी' में वह रघुबीर यादव, अंशुमान झा और आयशा कपूर के साथ नजर आईं। इसके ठीक बाद 24 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई सिद्धार्थ पी मल्होत्रा और रेंसिल डी'सिल्वा की बहुचर्चित वेब सीरीज 'शाक' (Shaaq) में भी उनके अभिनय की काफी तारीफ हो रही है।
Updated on:
30 Sept 2026 07:43 am
Published on:
30 Sept 2026 07:23 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
