
Rajkummar Rao recall 26/11 Attack in Mumbai: बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव (Rajkummar Rao) जल्द ही फिल्म 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' में विशेष सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की भूमिका में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म का बीती रात भव्य ट्रेलर लॉन्च इवेंट था जो मुंबई के ऐतिहासिक छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पर आयोजित किया गया था। इसी दौरान राजकुमार राव ने 2008 के 26/11 मुंबई आतंकी हमलों को याद किया और एक किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि वह तीन दिन उनके लिए कितने खतरनाक थे।
CSMT स्टेशन पर 26/11 की भयावहता को याद करते हुए राजकुमार राव काफी भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि जब मुंबई पर यह हमला हुआ, उस वक्त वह एफटीआईआई (FTII) पुणे से अपना फिल्म कोर्स पूरा करने के बाद फरवरी में ही मुंबई आए थे और बतौर एक्टर पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे।
राजकुमार राव ने उस वक्त के हालात को याद करते हुए कहा, "उन दिनों हम रोज काम की तलाश में बाहर निकलते थे और रात को कमरे पर लौटते थे। जब 26/11 के हमलों की खबरें आने लगीं, तो मुझे याद है कि अगले 3 दिनों तक मैं अपने दो रूममेट्स के साथ टीवी स्क्रीन के सामने से हट भी नहीं पाया था। वह तीन दिन बेहद डरावने थे और हम सब बहुत ज्यादा डर व सदमे के माहौल में जी रहे थे।"
हमलों के दौरान फैल रही अफवाहों से पूरा शहर दहशत में था। राजकुमार ने बताया कि टीवी पर खबरें देखकर वह और उनके दोस्त ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के लिए लगातार प्रार्थना कर रहे थे जो अपनी जान जोखिम में डालकर आतंकियों से लड़ रहे थे।
राजकुमार राव ने आगे कहा, "हम बस यही मना रहे थे कि यह बुरा वक्त जल्द से जल्द खत्म हो। जब यह खबर आई कि हमले में शामिल अकेला जिंदा आतंकी अजमल कसाब पकड़ा गया है, तब जाकर हमें थोड़ी राहत मिली। उस वक्त लगा कि अब जांच एजेंसियां इस पूरी साजिश का सच और घटनाओं का क्रम दुनिया के सामने ला पाएंगी।" वहीं, फिल्म के ट्रेलर लॉन्च पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस भी पहुंचे थे, जहां उन्होंने फिल्म प्रहार की प्रशंसा की।
अविनाश अरुण के निर्देशन में बनी फिल्म 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' मशहूर पब्लिक प्रॉसिक्यूटर उज्ज्वल निकम के जीवन और कसाब केस में लड़ी गई कानूनी लड़ाई पर आधारित है। फिल्म में राजकुमार राव के अलावा वामिका गब्बी और सिकंदर खेर मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि आतंकी अजमल कसाब का किरदार मराठी अभिनेता ललित प्रभाकर ने निभाया है। यह फिल्म 16 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।