बॉलीवुड

राजपाल यादव वापस खाएंगे जेल की हवा, नहीं मिली जमानत, इस तारीख को अगली सुनवाई

Rajpal Yadav Bail Hearing Updates: एक्टर राजपाल यादव की जमानत याचिका पर सुनवाई होने के बाद कोर्ट से एक्टर को आज राहत नहीं मिली है।

2 min read
Feb 12, 2026
Rajpal Yadav (सोर्स- एक्स)

Rajpal Yadav Bail Hearing Updates: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की जमानत याचिका पर गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के बाद मामले को अब सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। दोपहर 2:30 बजे दोबारा सुनवाई के दौरान अभिनेता के वकील ने अदालत को बताया कि वो अपने मुवक्किल से संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बात नहीं हो सकी। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।

ये भी पढ़ें

राजपाल यादव ने हाईकोर्ट में बदला बयान, अदालत ने लगाई डांट, बोली- आपको 25 मौके दिए गए

अभिनेता के वकील का बयान (Rajpal Yadav Bail Hearing Updates)

उन्होंने ये भी कहा कि जमानत अर्जी दाखिल कर दी गई है और दूसरी ओर से जवाब मांगा जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने अनुरोध किया कि मामले को सोमवार तक के लिए टाल दिया जाए।

अदालत ने इस पर सहमति जताते हुए सुनवाई सोमवार तक स्थगित कर दी और शिकायतकर्ता पक्ष को जमानत अर्जी पर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने ये भी टिप्पणी की कि केस फाइल की समीक्षा के दौरान कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिनकी पहले जानकारी नहीं थी। कोर्ट ने उल्लेख किया कि पहले आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी, लेकिन वहां से भी कोई राहत नहीं मिली।

पहले भी उठे थे सवाल (Rajpal Yadav Bail Hearing Updates)

दोपहर 1 बजे हुई शुरुआती सुनवाई में जस्टिस स्वर्णा शर्मा ने बचाव पक्ष की दलीलों में विरोधाभास पर ध्यान दिलाया था। पहले कहा गया कि बकाया राशि सीधे शिकायतकर्ता को दी जाएगी, जिसकी पुष्टि स्वयं राजपाल यादव ने की। बाद में यह कहा गया कि रकम अदालत में जमा कराई जाएगी। इस पर न्यायालय ने स्पष्ट रुख अपनाने को कहा था।

क्यों पहुंचे तिहाड़ जेल?

ये मामला वर्ष 2010 का है, जब राजपाल यादव ने अपनी निर्देशकीय फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का ऋण लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही और ऋण चुकाने में देरी होती गई। कई चेक बाउंस होने के बाद मामला अदालत पहुंचा।

2018 में उन्हें और उनकी पत्नी को नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत दोषी ठहराते हुए छह महीने की सजा सुनाई गई थी। हालांकि कानूनी प्रक्रिया लंबी चलती रही। ब्याज और दंडात्मक प्रावधानों के चलते कुल बकाया राशि बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। हाल ही में अंतिम राहत न मिलने पर अभिनेता ने तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया।

इंडस्ट्री से मिल रहा सहयोग

कानूनी संकट के बीच फिल्म जगत से समर्थन भी मिल रहा है। गायक मीका सिंह ने 11 लाख रुपये की मदद की घोषणा करते हुए सोशल मीडिया पर इंडस्ट्री की एकजुटता की सराहना की। उन्होंने अपील की कि केवल घोषणा ही नहीं, बल्कि वास्तविक सहयोग भी सुनिश्चित किया जाए।

भजन गायक अनूप जलोटा, जो इन दिनों अमेरिका में कॉन्सर्ट कर रहे हैं, ने 5 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सामूहिक प्रयास से अभिनेता अपनी देनदारी चुकाने में सफल होंगे।

ये भी पढ़ें

सिर्फ राजपाल यादव ही नहीं, करोड़ों के कर्ज में डूब चुके हैं ये बॉलीवुड सितारे भी
Updated on:
12 Feb 2026 03:17 pm
Published on:
12 Feb 2026 03:15 pm
Also Read
View All