बॉलीवुड

जेल में बंद राजपाल यादव को अब हाईकोर्ट से फटकार, सुनवाई में बोली अदालत- सहानुभूति अपनी जगह…

Rajpal Yadav Bail Plea Hearing Updates: राजपाल यादव की जमानत याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है। अब तक मामले को लेकर अदालत में क्या-क्या हुआ, चलिए जानते हैं।
2 min read
Feb 12, 2026
Rajpal Yadav Bail Plea Hearing Updates
Rajpal Yadav (सोर्स- एक्स)

Rajpal Yadav Bail Plea Hearing Updates: बॉलीवुड के लोकप्रिय कॉमेडियन और चरित्र अभिनेता राजपाल यादव की कानूनी मुश्किलें एक बार फिर सुर्खियों में हैं। 9 करोड़ रुपये से जुड़े चेक बाउंस मामले में वह इस समय तिहाड़ जेल में बंद हैं। 12 फरवरी 2026 को दिल्ली हाईकोर्ट में उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई हुई, जहां अदालत ने पहले आदेशों का पालन न करने को लेकर कड़ी टिप्पणी की। अब इस मामले में आगे की सुनवाई दोपहर 2:30 बजे होगी।

अदालत ने जताई नाराजगी (Rajpal Yadav Bail Plea Hearing Updates)

सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट कोर्ट ने साफ कहा कि सहानुभूति अपनी जगह है, लेकिन कानून का पालन अनिवार्य है। न्यायाधीश ने ये भी उल्लेख किया कि अभिनेता ने शुरुआती निर्देश के बाद आत्मसमर्पण नहीं किया था और दोबारा आदेश जारी होने के बाद ही जेल पहुंचे। इस पर अदालत ने उनके वकील से स्पष्ट रुख बताने को कहा और लंबित बकाया राशि जमा कराने पर विचार करने की बात कही।

राजपाल यादव की ओर से अंतरिम जमानत की मांग भी रखी गई, ताकि वो अपने बड़े भाई की बेटी की शादी में शामिल हो सकें। बचाव पक्ष ने अदालत को भरोसा दिलाया कि बकाया राशि चुकाने की प्रक्रिया जारी है और उन्हें फिल्म इंडस्ट्री से आर्थिक सहयोग भी मिल रहा है।

क्या है पूरा मामला? (Rajpal Yadav Bail Plea Hearing Updates)

ये विवाद कई वर्षों पुराना है। बताया जाता है कि एक फिल्म निर्माण से जुड़े वित्तीय लेनदेन के तहत राजपाल यादव को लगभग 5 करोड़ रुपये मिले थे। समय पर भुगतान न हो पाने और जारी किए गए चेक के बाउंस होने के बाद मामला कानूनी दायरे में पहुंच गया। ब्याज और अन्य देनदारियों के साथ कुल बकाया करीब 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

बीते वर्षों में समझौते और राहत के प्रयास हुए, यहां तक कि 2024 में सजा पर शर्तों के साथ रोक भी लगी थी। लेकिन तय शर्तों का पालन न होने के चलते अदालत ने सख्त रुख अपनाया। अंतिम अपील खारिज होने के बाद 5 फरवरी को राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया।

इंडस्ट्री से मिल रहा समर्थन

मुश्किल समय में फिल्म जगत के कई नामचीन चेहरों ने उनका साथ दिया है। सोनू सूद, सलमान खान, अजय देवगन और वरुण धवन जैसे कलाकारों ने सहयोग का भरोसा दिया है। वहीं संगीतकार राव इंद्रजीत सिंह ने 1.11 करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की है।

गुरु रंधावा ने भी सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि वह अपने आगामी प्रोजेक्ट के लिए एडवांस राशि ट्रांसफर कर रहे हैं। गायक अनु्प जलोटा ने 5 लाख रुपये देने का ऐलान किया है। मीका सिंह और गुरमीत चौधरी समेत कई अन्य कलाकार भी आगे आए हैं। राजनीतिक क्षेत्र से तेज प्रताप यादव के सहयोग की भी चर्चा है।

परिवार की उम्मीदें कायम

राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव ने सार्वजनिक रूप से सभी समर्थकों का आभार जताया है। उनका कहना है कि इस कठिन दौर में इंडस्ट्री का साथ परिवार के लिए संबल बना है।

अब सबकी निगाहें दोपहर 2:30 बजे होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं। अगर अदालत अंतरिम राहत देती है तो अभिनेता को अस्थायी तौर पर जेल से बाहर आने का मौका मिल सकता है। हालांकि अंतिम फैसला इस बात पर निर्भर करेगा कि बकाया राशि के भुगतान को लेकर क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

Updated on:
12 Feb 2026 02:08 pm
Published on:
12 Feb 2026 02:08 pm