
Kunal Kapoor Post On Education System: फिल्म रामायण में भगवान इंद्र का किरदार निभाने वाले अभिनेता कुणाल कपूर (Kunal Kapoor) अपने एक पोस्ट को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। उन्होंने देश और दुनिया की पारंपरिक शिक्षा प्रणाली (Traditional Education System) पर तीखा सवाल उठाया है। उनका मानना है कि आज की शिक्षा प्रणाली बच्चों को रट्टा मारने और पुरानी चीजों को याद रखने पर जोर दे रही है, जबकि दुनिया तेजी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI और आधुनिक तकनीकी युग की तरफ बढ़ रही है।
कुणाल कपूर ने अपने ऑफिशियल X अकाउंट (पूर्व में ट्विटर) पर शिक्षा व्यवस्था की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने एक बहुत ही सटीक और गहरा उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि आज का एजुकेशन सिस्टम पूरी पीढ़ी को एक ऐसी दुनिया के लिए तैयार कर रहा है जो शायद तब तक अस्तित्व में ही नहीं रहेगी जब तक वे बच्चे बड़े होकर वर्कफोर्स (कार्यबल) का हिस्सा बनेंगे।
कुणाल कपूर ने साफ किया, "यह डरावना है कि हमारा एजुकेशन सिस्टम पूरी पीढ़ी को ऐसी दुनिया के लिए तैयार कर रहा है जो कभी होगी ही नहीं। हमारे बच्चे गाड़ियों की दुनिया में घोड़ागाड़ी ठीक करना सीखने में एक दशक से ज्यादा समय बिता रहे हैं। वे ऐसी दुनिया में कदम रखेंगे जहां गाड़ी नहीं होगी, और उन्हें कार के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं होगी।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि रटने और याद करने की क्षमता के मामले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंसानों से बहुत आगे निकल चुका है, इसलिए हमें इस पुरानी रेस से बाहर निकलकर कुछ व्यावहारिक सोचना होगा।
एक्टर ने इस बात पर जोर दिया कि हमें ऐसे क्लासरूम्स की जरूरत है जो बच्चों को नई चीजें बनाना, सवाल पूछना, जिज्ञासु होना और असफलताओं से सीखकर आगे बढ़ना (फेल होना) सिखाएं। बच्चों में क्यूरियोसिटी (जिज्ञासा), क्रिटिकल थिंकिंग और क्रिएटिविटी को बढ़ावा देना आज के समय की सबसे बड़ी मांग है।
कुणाल का मानना है कि बच्चों को 'क्यों' पूछने की पूरी आजादी मिलनी चाहिए, न कि उनकी जिज्ञासा का गला घोंटा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "जिस बच्चे को 'क्यों' पूछने के लिए बैठने को कहा जाता है, भविष्य को उसी की सबसे ज्यादा जरूरत है।" गौरतलब है कि कुणाल कपूर हाल के दिनों में सामाजिक और तकनीकी मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखते रहे हैं। पिछले महीने उन्होंने पश्चिमी टेक अरबपतियों की 'कॉलोनियल सोच' और एलन मस्क के मसीहा कॉम्प्लेक्स पर भी खुलकर कटाक्ष किया था, जिसकी काफी चर्चा हुई थी।
एक्टिंग की बात करें तो कुणाल कपूर जल्द ही बड़े पर्दे पर एक नए और रोमांचक अंदाज में नजर आने वाले हैं। वह निर्देशक सिंपल सुनी की आगामी बाइलिंगुअल (द्विभाषी) सोशल थ्रिलर फिल्म 'लम्बोधरा 2.0' में मुख्य भूमिका निभाते दिखेंगे। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म आगामी 20 नवंबर, 2026 को कन्नड़ और हिंदी दोनों भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।