
Ramayana Box Office Collection 10 Nov: 'रामायण' ने रिलीज के छह दिनों के भीतर दुनिया भर में 823.50 करोड़ रुपये की कमाई की है। मंगलवार को भारत में फिल्म ने नेट 94.10 करोड़ रुपये कमाए, जो सोमवार की कमाई के मुकाबले 12.5% कम है। बता दें कि फिल्म के पहले भाग का प्रोडक्शन बजट लगभग 2,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, इसलिए फिल्म का सिनेमाघरों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करना इसके कमर्शियल भविष्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण होगा।
नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित और रणबीर कपूर अभिनीत 'रामायण' में साई पल्लवी ने सीता और यश ने रावण की भूमिका निभाई है। पहले सोमवार को 91% का शानदार उछाल दर्ज करने के बाद, छठे दिन 'रामायण' की बॉक्स ऑफिस कमाई में थोड़ी गिरावट देखी गई। फिल्म में रवि दुबे, अनुपम खेर, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, अरुण गोविल और लारा दत्ता जैसे कलाकार भी शामिल हैं।
Sacnilk के अनुसार, छठे दिन भारत में 24,344 शोज के जरिए फिल्म ने 94.10 करोड़ रुपये (नेट) की कमाई की। यह पांचवें दिन की 107.50 करोड़ रुपये की कमाई के मुकाबले 12.5% कम है। बता दें इसमें हिंदी वर्जन का योगदान 76 करोड़ रुपये रहा, जबकि कन्नड़ से 7.75 करोड़, तेलुगु से 4 करोड़, तमिल से 3.60 करोड़ और मलयालम से 2.75 करोड़ रुपये की कमाई हुई।
इसके साथ ही, भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 440.45 करोड़ रुपये हो गई है, जबकि भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 526.50 करोड़ रुपये है। विदेशों में 'रामायण' ने छठे दिन 35 करोड़ रुपये कमाए, जिससे वहां इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 297 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अब दुनिया भर में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 849.50 करोड़ रुपये के शानदार आंकड़े पर पहुंच गया है।
खबरों के अनुसार, 'रामायण' के दोनों भागों का कुल बजट 4,000 करोड़ रुपये है, जिसमें से 'रामायण' के पहले भाग को लगभग 2,000 करोड़ रुपये के बहुत बड़े बजट में बनाया गया है और इसने एक अच्छी शुरुआत की है। हालांकि, मुनाफा कमाने के लिए 'रामायण' को अभी लंबा सफर तय करना है। जिसके लिए बॉक्स ऑफिस पर इसका आगे का प्रदर्शन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
'रामायण' महर्षि वाल्मीकि के महाकाव्य का नया रूपांतरण है, जो दुनिया के सबसे पुराने साहित्य में से एक है। यह भगवान विष्णु के अवतार भगवान राम की कहानी है, और उस युद्ध के बारे में है जो उन्होंने असुर राजा रावण के खिलाफ लड़ा था, जब रावण ने उनकी पत्नी सीता का अपहरण कर लिया था।