बॉलीवुड

‘मेरी सीता वही है जो मंदिर में दिखती है’, रामायण में साई पल्लवी के लुक पर हो रही ट्रोलिंग पर डिजाइनर ने तोड़ी चुप्पी

Ramayana Costume Designers: 'रामायण: पार्ट 1' के कॉस्ट्यूम डिजाइनर्स ने फिल्म में माता सीता और कैकेयी के लुक्स और स्टाइलिंग पर हो रही आलोचना का अब जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि ये लुक पुरातात्विक प्रामाणिकता की बात नहीं…'
3 min read
Aug 04, 2026
Ramayana Designers on Backlash
रामायण पार्ट 1 में साईं पल्लवी और लारा दत्ता की फोटोज। (फोटो सोर्स: instagram/ranbir__kapoor82)

Ramayana Designers on Backlash: पिछले हफ्ते नितेश तिवारी की 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसके बाद से ही फिल्म और ट्रेलर को लेकर ऑनलाइन चर्चाओं का सिलसिला शुरू हो गया है। एक तरफ जहां कुछ लोगों ने इसकी तारीफ की, वहीं, कईयों ने फिल्म की क्रिएटिविटी और किरदारों के लुक्स पर सवाल उठाए। इनमें भगवान राम के तौर पर रणबीर की कास्टिंग और मुख्य किरदारों, खासकर कैकेयी (लारा दत्ता) और सीता (साई पल्लवी) के कॉस्ट्यूम शामिल हैं। बता दें कि ट्रेलर के आने के बाद से ही फिल्म के मॉडर्न विज़ुअल लुक को लेकर बहस छिड़ी हुई है; कई लोगों का तर्क है कि इसकी स्टाइलिंग ऐतिहासिक और पौराणिक दुनिया के बजाय आज के टीवी शोज जैसी लगती है। हालांकि, अब फिल्म के कॉस्ट्यूम डिजाइनर्स ने इन आलोचनाओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

'रामायण: पार्ट 1' के कॉस्ट्यूम डिजाइनर ने सीता और कैकेयी की मॉडर्न स्टाइलिंग पर तोड़ी चुप्पी

टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए, 'रामायण: पार्ट 1' के कॉस्ट्यूम डिजाइनर्स रिंपल और हरप्रीत नरूला ने सीता और कैकेयी जैसे किरदारों की मॉडर्न स्टाइलिंग को लेकर हो रही आलोचना पर बात की है। खासकर सीता (साईं पल्लवी) के ब्लाउज को लेकर उठाए गए सवालों पर, जबकि लारा दत्ता के कैकेयी लुक की तुलना टीवी सीरियल के किरदारों से भी की गई है। डिजाइनर्स ने दर्शकों से कहाः है कि वे फिल्म देखने और इसके विज़ुअल ट्रीटमेंट को अनुभव करने से पहले कॉस्ट्यूम के बारे में कोई राय न बनाएं। इसके आगे, 'पद्मावत' और 'हीरामंडी: द डायमंड बाजार' में अपने काम के लिए फेमस हुए डिजाइनर्स रिंपल और हरप्रीत नरूला का कहना है कि उन्हें इस तरह की छानबीन की उम्मीद थी। उनके लिए, रामायण जैसी महागाथा के लिए कॉस्ट्यूम डिजाइन करना, जो लोगों की यादों में गहराई से बसी है, हमेशा रिसर्च और अपनी समझ के बीच एक संतुलन बनाने जैसा था।

कॉस्ट्यूम डिजाइन की नींव रिसर्च होती है

किरदारों के लुक पर हो रही आलोचना का जवाब देते हुए रिंपल ने बताया कि त्रेता युग के ऐसे कोई कपड़े किसी भी संग्रहालय में सुरक्षित नहीं हैं, जिनसे उस दौर के परिधानों के बारे में पक्के तौर पर यह पता चल सके कि उस समय लोग क्या पहनते थे, जिन्हें हम बस वैसा ही दोबारा बना सकें। उन्होंने समझाया, "कॉस्ट्यूम डिजाइन की नींव रिसर्च होती है, लेकिन अपनी समझ से उसे तैयार करना ही उसे कला बनाता है। हम सभी कैलेंडर आर्ट, मिनिएचर पेंटिंग, मंदिरों की तस्वीरों और राजा रवि वर्मा की बनाई तस्वीरों को देखकर बड़े हुए हैं।"

माता सीता के ब्लाउज पर हो रही चर्चा का दिया जवाब (Ramayana Sita Blouse Controversy)

रिंपल ने साई पल्लवी के ब्लाउज के डिजाइन पर हो रही आलोचना पर बात करते हुए बताया कि देवी सीता के बारे में उनकी समझ उन तस्वीरों से बनी है जिन्हें हम भारतीय बचपन से देखते आ रहे हैं। उन्होंने कहा, "जब मैं अपनी आंखें बंद करके देवी सीता के बारे में सोचती हूं, तो मैं पुरातात्विक प्रमाणिकता के बारे में नहीं सोचती। मैं चाहती थी कि मेरी देवी, जो मेरे मंदिर में विराजमान हैं, वैसी ही दिखें, जैसी उनकी छवि मेरे मन में बसी है। यह सोच-समझकर किया गया चुनाव था।"

साई पल्लवी के अलावा, रानी कैकेयी के रूप में लारा दत्ता के लुक पर भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई। रानी कैकेयी के लुक को लेकर कई लोगों ने उनकी साड़ी और ब्लाउज पर सवाल उठाए, वहीं दूसरों ने उनके पार्लर से तैयार किए गए हेयरस्टाइल पर भी कमेंट्स किए।

कपड़ों के रंगों पर भी की बात

वहीं, इस बारे में बात करते हुए हरप्रीत ने बताया कि किरदारों के इमोशनल सफर को दिखाने के लिए रंगों का चुनाव भी बहुत सोच-समझकर किया गया था। उन्होंने कहा, “लारा दत्ता के कॉस्ट्यूम में हरा रंग मातृत्व को दिखाता है, जबकि गहरा मैरून रंग उस फैसले की भावनात्मक मजबूती और गंभीरता को दर्शाता है जो उन्हें लेना है। वह अपने बेटे और राम के बीच फंसी हुई हैं। हर रंग को सोच-समझकर चुना गया है।”

आखिर में, डिजाइनर्स ने एक्सेप्ट किया कि रामायण को लेकर लोगों की जो सोच है, उसे देखते हुए तुलना और राय बनना लाजमी है। इसके साथ ही उन्होंने कहा, “यह हमारी कोशिश है कि एक पुरानी महागाथा को नई पीढ़ी के सामने विज़ुअल रूप में पेश किया जाए। इसके हर धागे के पीछे एक सोच है। हम दर्शकों से अपील करना चाहते हैं कि इसे देखे बिना कोई फ़ैसला न करें। इसे देखें, अनुभव करें और फिर अपनी राय बनाएं।”

रामायण में रणबीर कपूर के राम के किरदार को लेकर रामानंद सागर के बेटे शिव सागर ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।

रणबीर कपूर की रामायण के बारे में (About Ramayana Part 1)

'रामायण: पार्ट 1' ऋषि वाल्मीकि के प्राचीन ग्रंथ 'रामायण' और ऋषि गोस्वामी तुलसीदास की 'रामचरितमानस' पर आधारित है। इस महागाथा को पहले 1987 में रामानंद सागर द्वारा बनाई और निर्देशित की गई 'रामायण' सीरीज के जरिए टेलीविजन पर दिखाया गया था। फिल्म के पहले पार्ट में रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी, रवि दुबे, अरुण गोविल, विवेक ओबेरॉय और रकुल प्रीत सिंह जैसे कई बड़े स्टार्स अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित और नमित मल्होत्रा ​​द्वारा प्रोड्यूस की गई यह फिल्म दिवाली 2026 में रिलीज होने वाली है।