
Rekha-Biswajit Chatterjee Kissing Controversy: रेखा और बिस्वजीत चटर्जी का ‘किसिंग’ सीन वाला किस्सा सालों तक चर्चा का विषय रहा। इस एक सीन के चलते रेखा को कई तमगे मिले- बोल्ड, हॉट और यहां तक कि ‘सेक्स किटन’। उस समय रेखा की उम्र महज 14-15 साल थी, हर तरफ यह खबर चल पड़ी थी कि दक्षिण भारत की एक नई अभिनेत्री आई है, जिसे बोल्ड सीन करने से कोई परहेज नहीं है। कहा जाता है कि यह सबकुछ रेखा की सहमति के बिना हुआ, उन्हें बताया तक नहीं गया। अचानक बिस्वजीत चटर्जी ने रेखा को बाहों में भरा और उन्हें करीब 5 मिनट तक चूमते रहे। हालांकि, इस कहानी का एक दूसरा पहलू भी है, जिसके बारे में कम लोग ही जानते हैं।
इस पहलू को समझने से पहले पूरी कहानी को समझते हैं। फिल्म ‘अंजाना सफर’ की शूटिंग बॉम्बे के महबूब स्टूडियो में चल रही थी। राजा नवाथे इस फिल्म के निर्देशक और सिनेमैटोग्राफर थे, जबकि कुलजीत पाल निर्माता। फिल्म के पहले ही शूटिंग शेड्यूल में राजा और बिस्वजीत ने एक योजना बनाई, जिसमें रेखा अनजाने में उनका निशाना बनने वाली थीं। उस दिन रेखा और बिस्वजीत के बीच एक रोमांटिक दृश्य फिल्माया जाना था। इस प्लान को अंजाम देने के लिए सभी तैयारी कर ली गई थीं, कैमरा हर पल को रिकॉर्ड करने के लिए तैयार था। जैसे ही निर्देशक राज नवाथे ने ‘एक्शन’ कहा, बिस्वजीत ने रेखा को अपनी बांहों में लिया और उन्हें ‘किस’ करने लगे। रेखा कुछ न कह पाईं। कैमरा लगातार चलता रहा। न निर्देशक को ‘कट’ कहने की जल्दबाजी थी और बिस्वजीत, रेखा को छोड़ रहे थे। पूरे पांच मिनट तक बिस्वजीत रेखा को चूमते रहे। फिल्म यूनिट के सदस्य सीटियां बजा रहे थे और शोर मचाकर उनका उत्साह बढ़ा रहे थे। जैसे ही निर्देशक ने ‘कट’ कहा, तालियों की गूंज सुनाई देने लगी। रेखा को छोड़कर सेट पर मौजूद लगभग हर शख्स के चेहरे पर मुस्कान थी। रेखा कुछ देर तक आंखें बंद किए यूं ही खड़ी रहीं। मानो वे यह समझने की कोशिश कर रही हैं कि क्या हुआ है।
‘रेखा द अनटोल्ड स्टोरी’ में यसीर उस्मान ने लिखा है – बाद में उस घटना को याद करते हुए बिस्वजीत ने दावा किया कि ये आइडिया राजा नवाथे का था। राजा ने उन पर जोर दिया था कि वह रेखा को अचानक चूमें, जो उस समय पंद्रह साल की भी नहीं हुई थीं। बिस्वजीत का कहना था कि इसमें उनकी कोई गलती नहीं थी और वह केवल निर्देशक के निर्देशों का पालन कर रहे थे। उन्होंने स्वीकार किया कि यह मेरी खुशी या आनंद के लिए नहीं था, बल्कि फिल्म के लिए जरूरी था। वहीं, रेखा को लगा कि उनके साथ धोखा हुआ है और वह बेहद नाराज थीं। किताब के अनुसार, रेखा को इस घटना से विश्वासघात, धोखे और शोषण का अहसास हुआ। लेकिन वह विरोध में एक शब्द भी न कह सकीं। उन्हें पता था कि अगर उन्होंने सेट पर हंगामा किया, तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते थे। उन्हें फिल्म से बाहर निकाल दिया जाता। उनका करियर शुरू होने से पहले ही खत्म हो सकता था, इसलिए वह खामोश रहीं।
फिल्मी दुनिया के प्रचलित चलन के मुताबिक, रेखा की चुप्पी को उनकी सहमति मान लिया गया। फिल्म उद्योग में यह खबर आग की तरह फैल गई कि दक्षिण भारत की एक नई अभिनेत्री आई है, जिसे बोल्ड दृश्य करने से कोई परहेज नहीं है। कहा जाता है कि रेखा की निजी जिंदगी के बारे में और भी सनसनीखेज बातें फिल्मी पत्रिकाओं तक पहुंचाईं गई थीं। रेखा की एक भी फिल्म रिलीज के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन उनके ऊपर ‘बोल्ड’ अभिनेत्री की छवि थोप दी गई। उन्हें ‘सेक्स किटन’ कहा जाने लगा। 14-15 साल की एक लड़की को ‘सेक्स किटन’ का तमगा दे दिया गया।
लेकिन इस कहानी का एक दूसरा पहलू भी था। ‘अंजाना सफर’ के निर्माता कुलजीत पाल ने बाद में एक इंटरव्यू में दावा किया कि जब उन्होंने बिस्वजीत और रेखा के बीच किसिंग सीन रखने का फैसला किया, तब रेखा वहां मौजूद थीं। उनके मुताबिक, रेखा ने कहा था कि उन्हें किसिंग सीन से कोई आपत्ति नहीं है और वह इसे करने के लिए तैयार हैं। इंटरव्यू में कुलजीत पाल ने कहा - मुझे पता है कि अब रेखा कहती हैं कि जब बिस्वजीत ने उन्हें चूमा, तो वह इसके लिए तैयार नहीं थीं और अचानक हुई इस घटना से हैरान रह गई थीं। मैंने उनसे सिर्फ इतना कहा था कि चूंकि वह ऐसा कुछ कर रही हैं, जो हिंदी फिल्मों की अभिनेत्रियां आमतौर पर नहीं करतीं, इसलिए बेहतर होगा कि वह यह कहें कि उन्हें यह बिल्कुल पसंद नहीं आया। लेकिन इतना तो तय है कि उन्हें इस दृश्य के बारे में पहले से पता था।
अब असलियत क्या है, कौन सच्चा है और कौन झूठा, कहना मुश्किल है। लेकिन कहानी के दोनों पहलुओं को समझना जरूरी है।
बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री रेखा ने अपने करियर में कई यादगार और सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। नीचे उनकी लोकप्रिय फिल्मों, रिलीज के साल और उनके साथ काम करने वाले प्रमुख अभिनेताओं की सूची टेबल फॉर्म में दी गई है।
| क्रम | फिल्म का नाम | रिलीज का साल | सह कलाकार |
|---|---|---|---|
| 1 | सावन भादों | 1970 | नवीन निश्चल |
| 2 | घर | 1978 | विनोद मेहरा |
| 3 | मुकद्दर का सिकंदर | 1978 | अमिताभ बच्चन |
| 4 | मिस्टर नटवरलाल | 1979 | अमिताभ बच्चन |
| 5 | सुहाग | 1979 | अमिताभ बच्चन, शशि कपूर |
| 6 | खूबसूरत | 1980 | राकेश रोशन |
| 7 | जुदाई | 1980 | जीतेंद्र |
| 8 | सिलसिला | 1981 | अमिताभ बच्चन, शशि कपूर |
| 9 | उमराव जान | 1981 | फारूक शेख |
| 10 | एक ही भूल | 1981 | जीतेंद्र |
| 11 | जीवन धारा | 1982 | राज बब्बर |
| 12 | अगर तुम न होते | 1983 | राजेश खन्ना |
| 13 | खून भरी मांग | 1988 | कबीर बेदी, शत्रुघ्न सिन्हा |
| 14 | खिलाड़ियों का खिलाड़ी | 1996 | अक्षय कुमार |
| 15 | जुबैदा | 2001 | मनोज बाजपेयी |
| 16 | लज्जा | 2001 | अजय देवगन, अनिल कपूर |
| 17 | कोई... मिल गया | 2003 | ऋतिक रोशन |
| 18 | कृष | 2006 | ऋतिक रोशन |