
Salman Khan performs aarti incorrectly for Ganpati: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) और उनका पूरा परिवार हर साल की तरह इस साल भी गणपति उत्सव को बेहद धूमधाम और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाता नजर आया। मंगलवार रात सलमान खान अपनी बहन अर्पिता खान शर्मा के घर स्थापित गणपति बप्पा के विसर्जन समारोह में शामिल हुए। ऐसे में सलमान खान और अर्पिता खान का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक बहन अपने भाई को आरती करने का सही तरीका सीखाती नजर आ रही हैं। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर लोग क्यूट बता रहे हैं।
जो वीडियो सामने आया है उसमें देखा जा सकता है कि सलमान खान बप्पा की अंतिम आरती के दौरान पूरी भक्ति भाव से हाथ में आरती की थाली थामे नजर आ रहे हैं। हालांकि, आरती के लिए थाली घुमाते समय सलमान खान अनजाने में उसे गलत दिशा में घुमाने लगे। पास ही खड़ी उनकी छोटी बहन अर्पिता की नजर जैसे ही अपने भाई के हाथों पर पड़ी, उन्होंने तुरंत उन्हें टोका और उसे सही दिशा में घुमाने का इशारा किया।
सलमान को भी अपनी इस प्यारी सी चूक का तुरंत अहसास हुआ और उन्होंने मुस्कुराते हुए अपनी बहन के निर्देशों का पालन किया व सही ढंग से आरती जारी रखी। भाई-बहन की यह केमिस्ट्री फैंस को बहुत भा रही है। वहीं, आरती के बाद अपनी बहन की बेटी के साथ सलमान खान मस्ती करते नजर आए।
इस खास मौके पर सलमान खान बेहद सादे और कूल लुक में नजर आए। उन्होंने ब्लैक टी-शर्ट के साथ स्लीवलेस ग्रे जैकेट पहनी थी और सिर पर उनका सिग्नेचर ब्लैक हेडबैंड बंधा हुआ था। दूसरी तरफ, अर्पिता खान फूलों की कढ़ाई वाले हरे और काले रंग के एथनिक सूट में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। पूरे परिवार, करीबी दोस्तों और मेहमानों ने ढोल-ताशों की थाप पर 'गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ' के जयकारों के साथ बप्पा को विदाई दी। इससे पहले सलमान खान मुकेश अंबानी के घर गणेश चतुर्थी के महोत्सव में भी पहुंचे थे।
बता दें, सलमान खान के घर में सालों से गणेश चतुर्थी का त्योहार उतने ही उत्साह से मनाया जाता है जितना कि ईद। खान परिवार की यह खूबसूरत परंपरा उनकी जड़ों से जुड़ी है। सलमान की मां सलमा खान (जन्म नाम सुशीला चरक) एक महाराष्ट्रीयन हिंदू परिवार से ताल्लुक रखती हैं, जबकि उनके पिता सलीम खान मुस्लिम हैं। खान परिवार सालों से सभी धर्मों के त्योहारों को एक साथ मिलकर मनाकर भारतीय संस्कृति की गंगा-जमुनी तहजीब की एक मिसाल पेश करता आ रहा है।