
Indias Got Latent 2 On Netflix: कॉमेडियन और यूट्यूबर समय रैना एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनका कोई स्टैंड-अप शो या वायरल क्लिप नहीं, बल्कि एक क्रिप्टिक पोस्ट है जिसने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है। ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स की ओर से साझा किए गए एक पोस्ट ने फैंस के बीच ये चर्चा तेज कर दी है कि कहीं ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का दूसरा सीजन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने तो नहीं जा रहा।
पिछले कुछ समय से समय रैना का नाम उनके चर्चित शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' को लेकर लगातार चर्चा में रहा है। पहले सीजन ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। शो के फॉर्मेट, कंटेस्टेंट और बेबाक अंदाज ने इसे युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया था। हालांकि शो विवादों से भी अछूता नहीं रहा, लेकिन उसकी लोकप्रियता पर इसका खास असर नहीं पड़ा।
अब नेटफ्लिक्स की एक नई पोस्ट ने अटकलों को और हवा दे दी है। खास बात ये रही कि इस पोस्ट में समय रैना के बॉडीगार्ड को दिखाया गया और साथ ही समय को कोलैबोरेटर के तौर पर टैग भी किया गया। पोस्ट का अंदाज इतना रहस्यमयी था कि फैंस तुरंत इसके मायने निकालने में जुट गए। कमेंट सेक्शन में लोगों ने नींबू और मसाले वाले इमोजी की बाढ़ ला दी और कई यूजर्स ने इसे ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का हिंट मान लिया।
दिलचस्प बात ये है कि समय रैना ने कुछ समय पहले अपने स्टैंड-अप स्पेशल ‘स्टिल अलाइव’ के दौरान दूसरे सीजन की ओर इशारा किया था। उस घोषणा के बाद से फैंस लगातार किसी बड़े अपडेट का इंतजार कर रहे थे। नेटफ्लिक्स की ये पोस्ट उसी इंतजार को और रोमांचक बना रही है।
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी कम दिलचस्प नहीं रहीं। किसी ने मजाक में लिखा कि अब लेटेंट एंड चिल’ का समय आ गया है, तो किसी ने कहा कि समय रैना की वापसी पहले से ज्यादा धमाकेदार होने वाली है। कई यूजर्स ने पहले सीजन से जुड़े चर्चित पलों को याद करते हुए संभावित गेस्ट्स और कंटेस्टेंट्स के नाम भी सुझाने शुरू कर दिए।
फिलहाल नेटफ्लिक्स या समय रैना की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन सोशल मीडिया पर जारी यह रहस्य और फैंस का उत्साह इस बात का संकेत जरूर देता है कि आने वाले दिनों में कोई बड़ा खुलासा हो सकता है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ‘इंडिा गॉट लेटेंट 2’ वाकई OTT की दुनिया में नई पारी खेलने जा रहा है या फिर ये किसी बिल्कुल नए प्रोजेक्ट की शुरुआत है।