बॉलीवुड

Sanjay Chhel: जालसाजों के चंगुल में फंसे फिल्म निर्देशक, सामने आया सनसनीखेज मामला, FIR दर्ज

Sanjay Chhel: मनोरंजन जगत से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ठगों ने फिल्म निर्देशक और लेखक संजय छेल को चूना लगा दिया है।
less than 1 minute read
Aug 31, 2025
Fraud Case Film Director Sanjay Chhel
धोखाधड़ी का मामला: फिल्म निर्देशक संजय छेल (फोटो सोर्स: Flickr)

Sanjay Chhel: मनोरंजन जगत में एक चौंकाने वाली खबर ने सबको हैरान कर दिया है। मशहूर फिल्म निर्देशक और लेखक संजय छेल ठगों के जाल में फंस गए हैं। जानकारी के अनुसार, अज्ञात लोगों ने फर्जी आरटीओ चालान का हवाला देकर लगभग 99,989 रुपए की ठगी कर ली। फर्जीवाड़े का एहसास होने पर फिल्म निर्देशक ने इसकी शिकायत फौरन अंबोली पुलिस में की। जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना कब की है?

मुंबई के अंबोली पुलिस के मुताबिक, यह घटना 4 जुलाई को घटी थी, जब संजय छेल अपने निवास खेरवाड़ी सोसायटी, चार बंगला, अंधेरी (पश्चिम) में मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें दो अनजान मोबाइल नंबरों से कॉल और मैसेज प्राप्त हुए। कॉल करने वालों ने खुद को आरटीओ विभाग का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके नाम पर एक नया ट्रैफिक चालान जारी किया गया है। ठगों ने संजय छेल को चालान संबंधी लिंक भेजकर तत्काल जानकारी भरने का दबाव बनाया।

डर और भ्रम की स्थिति में संजय छेल ने मोबाइल पर आए लिंक के अनुसार जानकारी भर दी। इसके बाद उनके बैंक खाते से 99,989 रुपए की राशि धोखे से अज्ञात व्यक्तियों के खाते में ट्रांसफर हो गई।

इन धाराओं में केस दर्ज

फिल्ममेकर संजय छेल की शिकायत पर 29 अगस्त 2025 को अंबोली पुलिस स्टेशन में अज्ञात ठगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(क) व 66(ड) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अंबोली पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के लिए सायबर सेल की मदद ली जा रही है। पुलिस मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की डिटेल्स जुटाकर ठगों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।