बॉलीवुड

कौन हैं ‘मितवा’ गाना गाने वाले शफकत अमानत अली? जो ब्लड कैंसर से लड़ रहे जिंदगी और मौत की जंग

Singer Shafqat Amanat Ali Blood Cancer: शाहरुख खान की फिल्म 'कभी अलविदा ना कहना' का मशहूर गाना 'मितवा' गाने वाले पाकिस्तानी सिंगर शफकत अमानत अली इन दिनों पर्सनल जिंदगी में एक मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। आखिर कौन हैं शफकत अमानत अली, चलिए जानते हैं।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 3:51 PM IST
Singer Shafqat Amanat Ali Blood Cancer
शफकत अमानत अली (फोटो सोर्स- IMDb)

Singer Shafqat Amanat Ali Blood Cancer: शाहरुख खान की फिल्म 'कभी अलविदा ना कहना' का मशहूर गाना 'मितवा' गाने वाले पाकिस्तानी सिंगर शफकत अमानत अली ने अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर का खुलासा किया है। सिंगर ने बताया कि वह मल्टीपल मायलोमा नाम के ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे। बीमारी के कारण उन्हें करीब एक साल तक बिस्तर पर रहना पड़ा और कीमोथेरेपी से गुजरना पड़ा। हालांकि, अब उनकी सेहत में सुधार है और उन्होंने दोबारा स्टेज पर परफॉर्म करना शुरू कर दिया है।

एक साल तक बिस्तर पर रहे शफकत अमानत अली

शफकत अमानत अली ने हाल ही में कराची में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी बीमारी के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मल्टीपल मायलोमा का पता चलने के बाद उनका परिवार, दोस्त और प्रशंसक काफी परेशान हो गए थे। उस दौरान उन्होंने कुछ दोस्तों से भी अपनी बीमारी की बात छिपाकर रखी थी, क्योंकि उनका पूरा ध्यान इलाज पर था।

सिंगर के मुताबिक, बीमारी का पता शुरुआती चरण में चल गया था, जिसके बाद उन्होंने कराची में डॉक्टरों से सलाह लेकर इलाज शुरू कराया। इस दौरान उन्हें कीमोथेरेपी से गुजरना पड़ा और करीब एक साल तक बिस्तर पर रहना पड़ा।

इलाज अभी भी जारी, स्टेम सेल थेरेपी बाकी

शफकत ने बताया कि उनकी हालत में अब काफी सुधार है और वह दोबारा संगीत की दुनिया में सक्रिय हो रहे हैं। हालांकि, उनका इलाज अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। फिलहाल उन्हें हर हफ्ते मेंटेनेंस थेरेपी दी जा रही है। इसके अलावा उन्हें स्टेम सेल थेरेपी भी करवानी है।

बीमारी के बाद स्टेज पर वापसी करना उनके लिए आसान नहीं था। उन्होंने बताया कि इलाज के एक चरण के बाद उन्होंने लाहौर में परफॉर्म किया था। उस समय उनकी शारीरिक स्थिति पूरी तरह ठीक नहीं थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कार्यक्रम पूरा किया। अब वह 28 नवंबर को कराची में लाइव परफॉर्म करने वाले हैं। इसके बाद इस्लामाबाद और लाहौर में भी उनके कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

'मितवा' गाने से भारत में मिली पहचान

शफकत अमानत अली का जन्म 26 फरवरी 1965 को हुआ था। वह पाकिस्तान के मशहूर शास्त्रीय गायक हैं और उनका संबंध पटियाला घराने से है। उनके परिवार की कई पीढ़ियां संगीत से जुड़ी रही हैं। वह प्रसिद्ध गायक उस्ताद अमानत अली खान के बेटे और गायक असद अमानत अली खान के छोटे भाई हैं।

शफकत ने पाकिस्तानी रॉक बैंड फुजॉन के मुख्य गायक के तौर पर भी पहचान बनाई। भारत में उन्हें साल 2006 में रिलीज हुई शाहरुख खान की फिल्म 'कभी अलविदा ना कहना' के गाने 'मितवा' से बड़ी लोकप्रियता मिली। इसके बाद उन्होंने 'डोर' का 'ये हौसला', 'माय नेम इज खान' का 'तेरे नैना' और 'रा.वन' का 'दिलदारा' जैसे गाने गाए।

कई बार रिजेक्शन का भी करना पड़ा सामना

सफलता हासिल करने से पहले शफकत को अपने करियर में कई बार निराशा झेलनी पड़ी। उन्होंने बताया था कि कराची के नेशनल टीवी के प्रोड्यूसर्स ने उनकी आवाज को सही नहीं मानते हुए दो बार रिजेक्ट कर दिया था। इसके अलावा स्कूल के दिनों में उन्हें अमेरिका के एक्सचेंज प्रोग्राम के लिए स्कॉलरशिप मिलने का मौका भी राजनीतिक कारणों से हाथ से निकल गया था।

हालांकि, इन मुश्किलों के बावजूद उन्होंने संगीत का साथ नहीं छोड़ा। साल 2008 में उन्हें पाकिस्तान के राष्ट्रपति की ओर से 'प्राइड ऑफ परफॉर्मेंस' सम्मान से नवाजा गया था। आज कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने के बाद शफकत की स्टेज पर वापसी उनके प्रशंसकों के लिए राहत की खबर है।

Updated on:
23 Nov 2026, 3:51 PM IST
Published on: