Shekhar Kapur on Naseeruddin Shah Masoom Movie Failure: फिल्ममेकर शेखर कपूर ने 42 साल बाद नसीरुद्दीन शाह और शबाना आजमी की फिल्म मासूम का जिक्र किया है जिसने लगभग उनसे करियर छीन ही लिया था।
Shekhar Kapur on Naseeruddin Shah Masoom Movie Failure: बॉलीवुड में कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जो रिलीज के वक्त भले ही दर्शकों से वो प्यार न पा सकें, लेकिन वक्त के साथ इतिहास बन जाती हैं। शेखर कपूर की फिल्म 'मासूम' भी ऐसी ही एक कहानी है। आज जिसे लोग हिंदी सिनेमा की कल्ट क्लासिक मानते हैं, वही फिल्म 1983 में रिलीज के समय निर्देशक के करियर पर भारी पड़ती नजर आ रही थी। खुद शेखर कपूर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर इस फिल्म से जुड़े अनुभव साझा कर सबको चौंका दिया।
शेखर कपूर ने बताया कि 'मासूम' उनकी पहली निर्देशित फिल्म थी और रिलीज के दिन वो खुद सिनेमा हॉल पहुंचे थे। लेकिन वहां का नजारा दिल तोड़ देने वाला था। पूरे हॉल में केवल दो दर्शक मौजूद थे और उनमें से एक वो खुद थे। उस दौर में टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग आम बात थी, लेकिन मासूम की हालत ऐसी थी कि टिकटों की कालाबाजारी करने वालों को भी नुकसान उठाना पड़ा। इस फिल्म में नसीरुद्दीन शाह और शबाना आजमी ने साथ में काम किया था।
निर्देशक ने याद किया कि थिएटर के बाहर कुछ नाराज युवकों ने उन्हें घेर लिया था। जब उन्हें पता चला कि शेखर कपूर ही फिल्म के निर्देशक हैं, तो उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्हीं में से एक ने तंज कसते हुए कहा था कि आपने ‘आर्टिकल’ फिल्म बना दी है, अगर करियर बनाना है तो ऐसी फिल्में मत बनाइए। बाद में शेखर कपूर को समझ आया कि वह ‘आर्टिस्टिक’ फिल्म कहना चाह रहा था।
शेखर कपूर के मुताबिक, रिलीज के बाद कई दिनों तक सिनेमाघर खाली पड़े रहे। शुक्रवार से लेकर बुधवार तक हालात जस के तस रहे। आखिरकार वितरकों ने फिल्म को हटाने का फैसला कर लिया। उस दिन शेखर कपूर मुंबई की सड़कों पर यूं ही घूमते रहे और उन्हें लगने लगा कि शायद फिल्में बनाना उनके लिए नहीं है।
लेकिन कहानी ने उस वक्त अनोखा मोड़ लिया, जब गुरुवार को अचानक एक दोस्त ने मासूम के टिकट मांगे। पहले तो उन्हें यह मजाक लगा, लेकिन उसी दिन एक थिएटर हाउसफुल हो गया। अगले दिन लाइनों में लोग खड़े दिखे। कुछ ही दिनों में फिल्म ने अपनी लागत निकाल ली और मासूम को हिट घोषित कर दिया गया। आज भी यह सवाल कायम है कि आखिर वह गुरुवार इतना खास क्यों था।
इन यादों के सामने आने की वजह भी खास है। दरअसल, शेखर कपूर एक बार फिर मासूम की दुनिया में लौटने की तैयारी में हैं। चर्चा है कि वो इसके सीक्वल मासूम: द नेक्स्ट जेनरेशन पर काम कर रहे हैं। माना जा रहा है कि इस फिल्म में शबाना आजमी और नसीरुद्दीन शाह एक बार फिर नजर आ सकते हैं। साथ ही मनोज बाजपेयी, नित्या मेनन और कावेरी कपूर जैसे नए कलाकार कहानी को आगे बढ़ाएंगे।
ये भी पढ़ें