बॉलीवुड

शेखर सुमन के शो से दूर रहने की जब मंत्री को मिली चेतावनी, तत्कालीन PM ने काफिला रोक की थी मुलाकात

Shekhar Suman Atal Bihari Vajpayee Sushma Swaraj: अभिनेता और होस्ट शेखर सुमन के 'टुनाइट' शो से जुड़े मजेदार किस्से उन्होंने साझा किए हैं।
2 min read
Jun 22, 2026
Shekhar Suman Tonite Show
एक्टर शेखर सुमन ने बॉलीवुड पर कसा तंज। (फोटो सोर्स: IMDb)

Shekhar Suman Tonite Show: शेखर सुमन अपने शो ‘शेखर टूनाइट’ से एकदम से चर्चा में आ गए हैं। खासकर, उनके पॉलिटिकल सटायार लोगों का दिल छू रहे हैं। हालांकि, ये बात अलग है कि नेताओं को शायद उनका ये अंदाज पसंद न आए।

वैसे, शेखर के लिए यह सबकुछ नया नहीं है। ‘मूवर्स एंड शेकर्स’ ने भी उन्हें ऐसे ही रातों-रात सुर्खियों में ला दिया था। इस शो में शेखर तीखे, चुभने वाले लेकिन, मर्यादा में बंधे अंदाज में नेताओं पर कटाक्ष करते थे। आलम ये था कि नेता उनके शो में जाने से कतराने लगे थे। हाल ही में शेखर सुमन ने एक इंटरव्यू में उस दौर के 2 बेहद दिलचस्प किस्से सुनाए।

‘इस शो में मत जाना’

शेखर ने बताया कि ‘मूवर्स एंड शेकर्स’ में कई बड़े नेता गेस्ट बनकर आए। पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज भी उनमें से एक थीं। जब वह सेट पर आईं तो मुझसे कहा– ‘सबने मुझे इस शो में न जाने की चेतावनी दी थी, सिवाय मेरी बेटी के। उसने कहा कि अगर आपको किसी शो में जाना चाहिए तो वो यही है’। शेखर ने कहा, यह मेरे लिए खुशी और सम्मान की बात थी।

बकौल शेखर, अगर आपका मकसद व्यंग के नाम पर किसी को नीचा दिखाने या बेइज्जत करने का नहीं है, तो लोगों को ज्यादा परेशानी नहीं होती। मैंने निष्पक्ष होकर अपना काम किया है। ‘मूवर्स एंड शेकर्स’ के दौर में भी और अब ‘शेखर टूनाइट’ में भी। शायद इसीलिए ‘शेखर टूनाइट’ के पहले एपिसोड में केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी शामिल हुए थे।

जब वाजपेयी ने रोका काफिला

‘मूवर्स एंड शेकर्स’ के दौर में शेखर सुमन की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उस समय के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अपना काफिला रोककर शेखर से मुलाकात की थी। शेखर उस समय एक ईवेंट में थे, अटल बिहारी वाजपेयी ने जैसे ही उन्हें देखा अपना काफिला रोका और कार से नीचे उतरे। उन्हें देखकर शेखर सुमन खुश थे, लेकिन मन में सैकड़ों सवाल भी उमड़ रहे थे।

अटल जी शेखर के पास पहुंचे और तपाक से गले लगा लिया। इसके बाद अटल बिहारी वाजपेयी ने शेखर सुमन की पीठ थपथपाते हुए कहा – ‘ये शो चलता रहना चाहिए। जब तुम मेरी बात करते हो तो मैं जोर से हंसता हूं! मैंने इसे रिकॉर्ड भी कर लिया और हर दिन देखता हूं’। शेखर ने कहा, यह मेरे लिए जिंदगी का सबसे अनमोल पल था। आपने और कहां देखा है कि कोई प्रधानमंत्री किसी एक्टर के लिए रुका हो?

सरकार की बुराई का हक

शेखर मानते हैं कि लोकतान्त्रिक व्यवस्था में सरकार की आलोचना की आजादी होनी चाहिए। उन्हें इस बात का अफसोस है कि अमेरिका जैसा देश, जो डेमोक्रेसी और फ्री स्पीच के लिए पहचाना जाता है, वहां 'द लेट शो विद स्टीफन कोलबर्ट' ऑफ-एयर होने जा रहा है। इस शो में भी होस्ट स्टीफन कोलबर्ट व्यवस्था और सरकार पर व्यंग करते हैं।

शेखर ने कहा अमेरिका और यूके में लोग खुलकर सरकार की आलोचना कर सकते हैं। भारत में भी ऐसा होना चाहिए। हमारी पॉलिसी पूरी तरह से हैंड्स-ऑफ होनी चाहिए और किसी के भी बारे में बात करने की छूट होनी चाहिए। अमेरिका में लोग पॉलिटिशियन्स को गाली तक दे देते हैं, मैं इसके समर्थन में नहीं हूं। लेकिन हमें फ्री स्पीच के साथ-साथ सरकार की बुराई करने का भी हक होना चाहिए।

Updated on:
22 Jun 2026 04:09 pm
Published on:
22 Jun 2026 11:40 am