
Shraddha Kapoor-Randeep Hooda Exclusive: पर्दे पर कलाकारों की जिंदगी जितनी चमकदार दिखाई देती है, उसके पीछे संघर्ष, मेहनत और कई अनकही चुनौतियां भी होती हैं। कलाकारों को दर्शकों का प्यार भी मिलता है और आलोचना भी। यह बात एक्टर रणदीप हुड्डा ने गुरुवार को फिक्की फ्लो जयपुर चैप्टर की ओर से आयोजित कन्वर्सेशन में कही।
कार्यक्रम सी-स्कीम स्थित रोज-ए-आमेर में आयोजित हुआ। फिक्की फ्लो जयपुर की चेयरपर्सन वृंदा कोठारी के साथ खास बातचीत में एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ईठा’, किरदारों, महिला कलाकारों के संघर्ष और सिनेमा से जुड़े अनुभव साझा किए।
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों की बात करते हुए रणदीप ने कहा कि फिल्में चुनना, कई फिल्मों के प्रस्ताव ठुकराना और कभी-कभी घर बैठना भी हमारे पेशे का हिस्सा है। हम सभी एक तरह से कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले लोग हैं। एक फिल्म का अनुबंध मिला है, लेकिन अगला काम कब मिलेगा, इसकी कोई गारंटी नहीं होती। न पेंशन है और न ही हर महीने मिलने वाली निश्चित आय। इसलिए कलाकार की जिंदगी का सबसे बड़ा संघर्ष यही है कि वह लगातार कलाकार बना रहे। दर्शक जिस कलाकार को पसंद करते हैं, उस छवि को बनाए रखना और उस मुकाम पर टिके रहना ही सबसे बड़ी चुनौती है।
रणदीप हुड्डा: ये एक इमोशनल स्टोरी है। एक ऐसी महिला की कहानी, जो मजबूत होने के साथ-साथ संवेदनशील भी है। मेरे घर में भी ऐसी महिलाओं की कहानियां हैं, इसलिए मैं इससे जुड़ पाया। श्रद्धा के साथ काम करना मेरे लिए खास रहा। श्रद्धा की फिल्मों में मैं खुद को आई कैंडी मानता हूं। मेरा किरदार फिल्म की कहानी को काफी हद तक एक दिशा देता है।
श्रद्धा कपूर: शूटिंग के दौरान मेरे बाएं पैर की मांसपेशियों में चोट आई और काफी दर्द हुआ। लेकिन पूरी टीम ने मेरा साथ दिया। मेरे को-स्टार रणदीप ने समझाया कि जब आप अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करते हैं, तो इस तरह की चुनौतियां सामने आती हैं। निर्देशक लक्ष्मण ने भी बहुत हौसला बढ़ाया।
ये फिल्म कई मायनों में चुनौतीपूर्ण थी। खासकर लावणी सीखना और उसे समझना। हमारे भारतीय नृत्य इतने खूबसूरत हैं, लेकिन उस खूबसूरती के पीछे कितनी मेहनत और कठिन अभ्यास होता है, ये इस फिल्म के दौरान समझ आया। इस अनुभव ने मुझे शास्त्रीय नर्तकों, कलाकारों और चित्रकारों के प्रति और सम्मान करना सिखाया।
श्रद्धा कपूर: लोग कलाकारों की प्रस्तुति का आनंद लेते हैं, लेकिन बाद में उन्हीं को जज भी करते हैं। फिल्म में हमने समाज के इसी दोहरे नजरिए को दिखाया है।
रणदीप हुड्डा: रणदीप ने कहा कि जब मैंने अपने पिता से कहा था कि मैं अभिनेता बनना चाहता हूं, तो उन्होंने जवाब दिया था कि अगर भांड बनना है तो घर पर ही रहना। कलाकारों को प्यार भी बहुत मिलता है और जूते भी बहुत पड़ते हैं। मेरे लिए ये दोनों ही अलग तरह के अनुभव हैं। एक आपको आगे बढऩे का रास्ता दिखाता है और दूसरा बताता है कि आपको किस रास्ते पर नहीं जाना चाहिए। महिला कलाकारों को अक्सर कला के बजाय शारीरिक आकर्षण की नजर से देखा जाता है। इसके बावजूद मंच पर अपनी गरिमा, कला और आत्मसम्मान बनाए रखना उनकी बड़ी जीत है। यह सिर्फ महिला कलाकारों की नहीं, बल्कि हर महिला की चुनौती है।
श्रद्धा कपूर: मैं संवादों और दृश्यों से ज्यादा भावनाओं से जुड़ती हूं। कई बार बिना शब्दों के भी बहुत कुछ कहा जा सकता है। जब मैंने कहानी सुनी तो इसके किरदार की भावनात्मक यात्रा ने मुझे बहुत प्रभावित किया, इसलिए इस प्रोजेक्ट से जुड़ी।
श्रद्धा कपूर: पालमोनस से मेरा जुड़ाव पहले एक ग्राहक के रूप में हुआ था। मुझे इसके किफायती और अच्छी गुणवत्ता वाले आभूषण पसंद थे। बाद में ब्रांड की संस्थापक पल्लवी ने संपर्क किया और मैं इसकी पार्टनर बन गई। मैं मार्केटिंग और ब्रांड प्रमोशन संभालती हूं। मेरा मानना है कि जिस ब्रांड का प्रतिनिधित्व करें, उसके उत्पादों पर खुद भरोसा होना चाहिए।
श्रद्धा कपूर: मेरे प्रशंसक मेरे परिवार की तरह हैं। पहली फिल्म से लेकर आज तक कई फैन क्लब मेरे साथ जुड़े हुए हैं। उनका प्यार और समर्थन मेरे लिए बहुत मायने रखता है।
रणदीप हुड्डा: श्रद्धा की सबसे खास बात उनका सहज और अपनापन भरा व्यक्तित्व है। करोड़ों लोग उनसे इसलिए जुड़ाव महसूस करते हैं, क्योंकि वह जैसी हैं, वैसी ही लोगों के सामने रहती हैं।
रणदीप हुड्डा: निर्देशन ने मुझे फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों के प्रति और ज्यादा सम्मान करना सिखाया। पहले भी मैं निर्देशकों का सम्मान करता था, लेकिन निर्देशक बनने के बाद उनके समय और जिम्मेदारियों की अहमियत नए सिरे से समझ आई।
एक कलाकार के रूप में हम किसी दृश्य को लेकर कई तरह की तैयारी और सुझाव देते हैं, लेकिन निर्देशक के नजरिए से देखें तो उन्हें सिर्फ यह चाहिए कि कलाकार सही समय पर आए और कहानी के मुताबिक अपना संवाद बोल दे। अब मैं एक अभिनेता के रूप में ज्यादा स्पष्टता के साथ काम करता हूं।