बॉलीवुड

तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर के निधन पर तोड़ी चुप्पी, बोलीं- ‘ईविल डेड, परिवार के लिए मेरी संवेदनाएं

Tanushree Dutta Post: नाना पाटेकर के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। अब ऐसे में अभिनेता पर आरोप लगाने वाली अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने उनके निधन पर चुप्पी तोड़ी है।
2 min read
• •
Oct 08, 2026
Tanushree Dutta reaction Nana Patekar Death said evil dead condolences to the family
तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर के निधन पर किया पोस्ट (Photo Source- Instagram/iamtanushreeduttaofficial)

Tanushree Dutta Post On Nana Patekar Death: दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर (Nana Patekar) का आज 8 अक्टूबर 2026 की सुबह 75 साल की उम्र में गोवा स्थित उनके आवास पर कार्डियक अरेस्ट (Cardiac Arrest) के कारण निधन हो गया है। डॉक्टरों की टीम ने लगातार 45 मिनट तक उन्हें सीपीआर देकर होश में लाने की कोशिश की थी, लेकिन सुबह 5:20 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। ऐसे में साल 2018 में भारत के #MeToo आंदोलन के दौरान उन पर गंभीर आरोप लगाने वाली अभिनेत्री तनुश्री दत्ता (Tanushree Dutta) ने उनके निधन पर अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है।

नाना पाटेकर के निधन के सवाल पर बोलीं तनुश्री दत्ता

तनुश्री दत्ता ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो स्टोरी साझा कर इस खबर पर अपनी बात रखी। अभिनेत्री ने स्पष्ट किया कि फिलहाल वह इस संवेदनशील मुद्दे पर विस्तार से कोई बयान नहीं देना चाहती हैं।

तनुश्री ने कहा, "मैंने सुना है। मुझे खबर मिल गई है। बस… आज मेरा काम का दिन है। मैं एक इवेंट के लिए लखनऊ जा रही हूं और उसी पर ध्यान देना चाहती हूं। यह सब होने के लिए कितना अजीब दिन है, क्योंकि मैं लखनऊ में एक बहुत बड़ा इवेंट कर रही हूँ और… वह मेरे लिए बहुत जरूरी था। मैंने अपना पूरा दिन प्लान किया हुआ था। मैं लाइव आना और कंटेंट पोस्ट करना चाहती थी। और अब मुझे चिंता हो रही है कि शाम को मीडिया का सारा ध्यान बस… 'ईविल डेड' पर ही होगा। तो… जब मुझे समझ आ जाएगा कि मुझे कैसा रिएक्शन देना चाहिए, तब मैं अपना रिएक्शन दूंगी। तो… परिवार के लिए मेरी संवेदनाएं हैं।"

क्या था नाना पाटेकर और तनुश्री दत्ता का #MeToo विवाद?

तनुश्री दत्ता और नाना पाटेकर के बीच का विवाद साल 2008 की फिल्म 'हॉर्न ओके प्लीज' (Horn 'Ok' Pleassss) के एक स्पेशल सॉन्ग की शूटिंग के दौरान शुरू हुआ था। तनुश्री ने आरोप लगाया था कि नाना पाटेकर ने सेट पर उनके साथ अनुचित व्यवहार और यौन उत्पीड़न किया। उन्होंने सबसे पहले 'सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन' (CINTAA) में शिकायत दर्ज कराई थी।

इसके बाद 2018 में भारत में शुरू हुए #MeToo आंदोलन के दौरान यह मामला एक बार फिर गरमा गया। अक्टूबर 2018 में तनुश्री के वकील ने ओशिवारा पुलिस स्टेशन में आवेदन देकर नाना पाटेकर, कोरियोग्राफर गणेश आचार्य, निर्माता समी सिद्दीकी और निर्देशक राकेश सारंग का नार्को-विश्लेषण और लाई-डिटेक्टर टेस्ट कराने की मांग की थी। हालांकि, नाना पाटेकर ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया था। जून 2019 में, मुंबई पुलिस ने सबूतों के अभाव में ओशिवारा थाने में 'बी-समरी' रिपोर्ट दाखिल की और नाना पाटेकर को सभी आरोपों से पूरी तरह बरी कर दिया था।

राजकीय सम्मान के साथ पुणे में होगा अंतिम संस्कार

दूसरी तरफ, नाना पाटेकर के पार्थिव शरीर को गोवा से उनके पैतृक निवास लाया जा रहा है। गुरुवार शाम पुणे के पास स्थित डोंजे (Donje) गांव में उनके फार्महाउस पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। भारतीय रंगमंच और सिनेमा में उनके अविस्मरणीय योगदान को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार की ओर से उन्हें पूर्ण राजकीय सम्मान (State Honours) के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

Updated on:
08 Oct 2026 03:59 pm
Published on:
08 Oct 2026 12:39 pm