
Twinkle Khanna On Ravana: बॉलीवुड की बेबाक लेखिका और अक्षय कुमार की पत्नी ट्विंकल खन्ना (Twinkle Khanna) अक्सर बड़े मुद्दों, फिल्मों और पॉप कल्चर पर अपनी तीखी व दिलचस्प राय रखने के लिए जानी जाती हैं। इस बार भी यही हुआ, उन्होंने रणबीर कपूर की फिल्म रामायण को लेकर अपने विचार शेयर किए हैं। ट्विंकल खन्ना ने लेटेस्ट कॉलम में रामायण के खलनायक रावण की तुलना दुनिया के दिग्गज टेक अरबपतियों (Tech Billionaires) से कर डाली है। उनके इस अनोखे और व्यंग्यात्मक तुलनात्मक लेख ने सोशल मीडिया पर एक नई बहस को जन्म दे दिया है।
'टाइम्स ऑफ इंडिया' के लिए ट्विंकल खन्ना ने लेख लिखा है। जिसमें उन्होंने अपने कॉलम में रणबीर कपूर के उस पुराने बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत ने 5,000 साल पहले उड़ने वाली कार (पुष्पक विमान) बनाई थी। इसी बात को आधार बनाते हुए ट्विंकल ने रावण को 'ओरिजिनल टेक ब्रो का ब्लूप्रिंट' करार दिया है। उन्होंने पौराणिक राजा और आज के दौर के सबसे ताकतवर कॉरपोरेट लीडर्स व टेक टायकुन के बीच कई दिलचस्प समानताएं निकाली हैं।
ट्विंकल ने एनवीडिया (Nvidia) के CEO जेन्सेन हुआंग (Jensen Huang) का उदाहरण देते हुए उनके व्यक्तिगत जीवन और कथित अफेयर से जुड़े विवादों का भी जिक्र किया, जिसके कारण उन्हें अपनी कंपनी में बड़े बदलाव देखने पड़े थे। इसके अलावा, उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स और उनके निजी जीवन की जांच-पड़ताल का भी हवाला दिया। ट्विंकल का कहना है कि रावण के पास भी दुनिया जीतने की असीम बुद्धि और काबिलियत थी, लेकिन आज के कई ताकतवर लोगों की तरह वह भी अपने मन और इच्छाओं पर काबू पाने में पूरी तरह नाकाम रहा था।
रावण और आज के टेक अरबपतियों की तुलना करते हुए ट्विंकल ने अपने कॉलम में लिखा कि रावण बहुत ज्यादा ज्ञानी, अमीर औ ताकतवर था। और उसके पास उस समय की सबसे उन्नत तकनीक (टेक) थी। वह यह भी मानता था कि आम इंसानों पर लागू होने वाले नियम उस पर लागू नहीं होते। अमर होने का उसका जुनून आज के टेक दिग्गजों की महत्वाकांक्षाओं से मेल खाता है।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि रावण को बस एक लेदर जैकेट, उसके दस सिरों पर लगाने के लिए एक हाई-टेक डिवाइस और सिलिकॉन वैली में अपना खुद का पॉडकास्ट हेडक्वार्टर चाहिए, जिसके बाद वह आधुनिक तकनीकी दुनिया में बिल्कुल फिट बैठ जाएगा। इसके अलावा, कॉलम में रामायण के विभिन्न संस्करणों- खास तौर पर थाईलैंड की 'रामकियेन' कथा का भी जिक्र किया गया है, जिसमें रावण अनजाने में अपनी ही बेटी (सीता) का अपहरण कर बैठता है और अपने ही कर्मों से अपने विनाश की इबारत लिखता है।