बॉलीवुड

‘बाथरूम का दरवाजा तो ठीक से बंद किया करो’, ट्विंकल खन्ना ने पति अक्षय कुमार को बीच शो में कर दिया रोस्ट

Twinkle Khanna Roasts Akshay Kumar: हाल ही में बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार कॉफी विद करण के नए एपिसोड में नजर आए। इस दौरान उन्हें पत्नी ट्विंकल का फोन कॉल आया और उसके बाद दोनों की नोंकझोंक देखकर सभी जोर-जोर से हंसने लगे। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
3 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 8:09 AM IST
Twinkle Khanna Roasts Akshay Kumar On Koffee With Karan
अक्षय कुमार-ट्विंकल खन्ना (फोटो सोर्स- IMDb)

Twinkle Khanna Roasts Akshay Kumar On Koffee With Karan: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना की नोकझोंक किसी से छिपी नहीं है। दोनों अक्सर एक-दूसरे की टांग खींचते नजर आते हैं। अब ऐसा ही एक मजेदार नजारा करण जौहर के चर्चित चैट शो 'कॉफी विद करण 9' में देखने को मिला। यहां ट्विंकल खन्ना ने अचानक फोन कॉल के जरिए अपने पति अक्षय कुमार की ऐसी क्लास लगाई कि वहां मौजूद लोग हंसने लगे। ट्विंकल ने अक्षय की सुबह 6 बजे भजन बजाने, जोर-जोर से गाने और बाथरूम का दरवाजा खुला छोड़ने जैसी आदतों पर जमकर तंज कसा।

करण जौहर के शो में अक्षय को आया ट्विंकल का फोन

दरअसल, 'कॉफी विद करण 9' के नए एपिसोड में अक्षय कुमार भोजपुरी अभिनेता रवि किशन के साथ नजर आएंगे। शो के दौरान अक्षय ने अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना को फोन लगाया और उन्हें स्पीकर पर रख दिया। इसके बाद ट्विंकल ने बिना किसी औपचारिकता के अक्षय की शिकायतें शुरू कर दीं।

ट्विंकल ने बताया कि पिछली रात उनकी नींद पूरी नहीं हुई थी और सुबह अक्षय ने उन्हें जल्दी उठा दिया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, ''मैं मुश्किल से पिछली रात सो पाई थी। फिर तुमने सुबह जल्दी उठा दिया। सुबह 6 बजे कौन भजन बजाता है? ऊपर से तुम खुद भी इतनी जोर से गा रहे थे, जैसे कोई अनूप जलोटा हो।''

ट्विंकल यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने अक्षय को बाथरूम का दरवाजा बंद रखने की हिदायत भी दी। उन्होंने कहा कि वह कई बार अक्षय को इस बारे में समझा चुकी हैं, लेकिन वह उनकी बात नहीं मानते। ट्विंकल की ये बातें सुनकर शो में मौजूद करण जौहर और रवि किशन भी इस मजेदार बातचीत का हिस्सा बन गए।

अक्षय के फ्री में शो करने पर भी ट्विंकल ने ली चुटकी

फोन पर बातचीत के दौरान ट्विंकल ने अक्षय से पूछा कि वह कहां हैं। इस पर अक्षय ने बताया कि वह करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण' की शूटिंग कर रहे हैं। इसके बाद ट्विंकल ने बताया कि हाल ही में उनकी करण जौहर से बात हुई थी और करण ने उन्हें शो में रैपिड फायर राउंड को जज करने के लिए बुलाया था।

जब ट्विंकल को पता चला कि अक्षय बिना किसी फीस के शो में आए हैं, तो उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा, 'मुझे पता ही नहीं था कि तुम आज शो कर रहे हो। तुम यह सब फ्री में कर रहे हो। मैं हैरान हूं।'इस पर करण जौहर ने भी मजाकिया अंदाज में जवाब दिया कि क्या ट्विंकल हर चीज के लिए पैसे चाहती हैं? इस बातचीत ने शो का माहौल और भी मजेदार बना दिया।

रवि किशन ने अक्षय को सिखाया अपना वायरल हुक स्टेप

इस एपिसोड में अक्षय कुमार और रवि किशन के बीच भी काफी मस्ती देखने को मिलेगी। रवि किशन ने अक्षय को अपना वायरल हुक स्टेप सिखाया। इसमें उनका खास अंदाज वाला स्वैग वॉक भी शामिल था। दोनों ने एक-दूसरे के साथ खूब हंसी-मजाक किया।

वहीं, रैपिड फायर राउंड के दौरान अक्षय ने अपने जवाब से एक बार फिर सबका ध्यान खींचा। उनसे पूछा गया कि अगर उन्हें एक साल तक शारीरिक संबंध बनाने और एक साल तक एक्सरसाइज नहीं करने में से किसी एक विकल्प को चुनना पड़े तो वह क्या चुनेंगे? इस पर अक्षय ने मजाकिया अंदाज में कहा, ''क्या सेक्स सबसे अच्छी एक्सरसाइज नहीं है?'' उनका यह जवाब सुनकर शो का माहौल और भी हल्का-फुल्का हो गया।

कब और कहां देख सकेंगे एपिसोड?

'कॉफी विद करण 9' का यह एपिसोड बुधवार शाम 7 बजे जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा। इसमें अक्षय कुमार और रवि किशन की मस्ती के साथ ट्विंकल खन्ना का मजेदार फोन कॉल भी देखने को मिलेगा। अब दर्शकों को इस एपिसोड का इंतजार है, क्योंकि अक्षय और ट्विंकल की नोकझोंक हमेशा लोगों को हंसने का मौका देती है।

Updated on:
26 Nov 2026, 8:09 AM IST
Published on:
Also Read
View All