Urfi Javed Religion Controversy: सोशल मीडिया पर अक्सर चर्चाएं बटोरने वालीं उर्फी जावेद ने हाल ही में खुद को लेकर उड़ रही अफवाहों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
Urfi Javed Religion Controversy: सोशल मीडिया की दुनिया में अपने बेबाक अंदाज और अलग फैशन सेंस के लिए पहचानी जाने वाली उर्फी जावेद एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनके कपड़े या किसी शो में मौजूदगी नहीं, बल्कि उनका धर्म और पहचान को लेकर फैली अफवाहें हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर यह दावा किया गया कि उर्फी जावेद को इस्लाम से बाहर कर दिया गया है और उनका नाम बदलकर गीता भारद्वाज रख दिया गया है। इन दावों ने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी, जिसके बाद उर्फी ने खुद सामने आकर सच्चाई रखी।
दरअसल, एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने वीडियो जारी कर ये कहा कि उर्फी जावेद मुस्लिम समुदाय का हिस्सा नहीं रहीं और समुदाय ने उन्हें अलग कर दिया है। साथ ही ये भी कहा गया कि उन्होंने अपना नाम बदल लिया है। इस वीडियो के वायरल होते ही उर्फी जावेद को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाने लगा। लोग उनके धर्म, आस्था और निजी जीवन पर सवाल उठाने लगे।
इन तमाम चर्चाओं पर उर्फी जावेद ने दो टूक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वो किसी भी धर्म को नहीं मानतीं। उर्फी के मुताबिक, उन्होंने बहुत पहले ही धर्म से खुद को अलग कर लिया था और वो खुद को नास्तिक मानती हैं। उर्फी ने कहा- 'मैं नास्तिक हूं..मैं भगवान में विश्वास नहीं करती ना ही अल्लाह में।' ऐसे में किसी के द्वारा उन्हें किसी धर्म से निकालने का दावा पूरी तरह निराधार है। उन्होंने ये भी कहा कि जब वो किसी धर्म का हिस्सा ही नहीं हैं, तो उन्हें बाहर निकालने का सवाल ही कहां उठता है।
नाम बदलने की अफवाहों पर भी उर्फी ने हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि उनका नाम बदलने को लेकर कोई आधिकारिक या सच्ची जानकारी नहीं है। ये सब लोगों की बनाई हुई कहानियां हैं, जिनका हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है। उर्फी ने साफ किया कि वो अपने नाम और पहचान को लेकर पूरी तरह स्पष्ट हैं और किसी भी तरह के दबाव में आने वाली नहीं हैं।
उर्फी जावेद का कहना है कि सोशल मीडिया पर उन्हें अक्सर उनके पहनावे और सोच की वजह से निशाना बनाया जाता है, लेकिन इस तरह धर्म और पहचान को लेकर झूठी बातें फैलाना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने यह भी इशारा किया कि लोग अक्सर पब्लिक फिगर्स की निजी जिंदगी में दखल देने लगते हैं, जबकि हर इंसान को अपने विश्वास और जीवन जीने की आजादी है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो उर्फी इन दिनों एमटीवी के चर्चित रियलिटी शो स्प्लिट्सविला एक्स-6 को लेकर चर्चा में हैं। शो में उनकी मौजूदगी और बेबाक राय दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। उर्फी ने खुद कहा है कि इस बार शो के कंटेस्टेंट्स काफी स्ट्रेटफॉरवर्ड और एंटरटेनिंग हैं, जिसकी वजह से यह सीजन खास बन रहा है।