Urmila Matondkar Birthday: बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर आज पूरे 52 साल की हो गई हैं। चलिए उर्मिला के जीवन से जुड़े कुछ किस्से आपको बताते हैं।
Urmila Matondkar Birthday: 90 का दशक बॉलीवुड के लिए बदलावों का दौर था। इसी दौर में एक ऐसी अभिनेत्री उभरी, जिसने न सिर्फ अपने बोल्ड किरदारों और दमदार अभिनय से दर्शकों को चौंकाया, बल्कि फीस के मामले में भी बड़े-बड़े मेल सुपरस्टार्स को पीछे छोड़ दिया। कम उम्र में फिल्मी दुनिया में कदम रखने वाली ये अभिनेत्री अपने करियर के शिखर पर थी, लेकिन कुछ निजी रिश्ते, प्रोफेशनल गलतियां और हालात ऐसे बदले कि चमकता सितारा धीरे-धीरे गुमनामी में खो गया।
हम बात कर रहे हैं उर्मिला मातोंडकर की, जिन्होंने बतौर बाल कलाकार अपनी पहचान बनाई और फिर 90 के दशक में बॉलीवुड की सबसे चर्चित अभिनेत्रियों में शुमार हो गईं। बेहद कम उम्र में अभिनय की दुनिया से जुड़ी उर्मिला ने अपने टैलेंट और मेहनत के दम पर इंडस्ट्री में खास मुकाम हासिल किया। शुरुआती संघर्ष के बाद जब उन्हें एक बड़ी फिल्म मिली, तो किस्मत ने ऐसा पलटा खाया कि वो रातोंरात स्टार बन गईं। वो फिल्म थी रंगीला। इसलिए उर्मिला को 'रंगीला गर्ल' भी कहा जाता है।
उनकी फिल्मों ने ये साबित कर दिया कि महिला कलाकार भी बॉक्स ऑफिस पर भीड़ खींच सकती हैं। यही वजह थी कि एक दौर ऐसा भी आया जब उर्मिला की फीस कई बड़े अभिनेताओं से ज्यादा हो गई। अपने आत्मविश्वास, डांस स्किल्स और अलग अंदाज के चलते वो युवाओं की धड़कन बन चुकी थीं। क्रिटिक्स भी उनके अभिनय की तारीफ करने लगे थे और निर्माता-निर्देशक उन्हें अपनी फिल्मों में लेने के लिए एक्साइटेड रहते थे।
लेकिन करियर की ऊंचाइयों के बीच कुछ फैसले ऐसे हुए, जिन्होंने उनके प्रोफेशनल ग्राफ को नुकसान पहुंचाया। लगातार कुछ कमजोर स्क्रिप्ट्स चुनना और प्रयोग के नाम पर ऐसी फिल्मों का हिस्सा बनना, जो दर्शकों से जुड़ नहीं पाईं, उनके लिए भारी पड़ गया। बॉक्स ऑफिस पर लगातार असफल होती फिल्मों ने उनकी स्टार वैल्यू को कम करना शुरू कर दिया।
इसी बीच उनकी निजी जिंदगी भी सुर्खियों में आ गई। मशहूर निर्देशक राम गोपाल वर्मा के साथ उनके करीबी रिश्तों की चर्चा इंडस्ट्री में आम हो गई। कहा जाता है कि इस रिश्ते की वजह से उन्होंने सीमित लोगों के साथ ही काम करना शुरू कर दिया, जिससे उनके पास आने वाले दूसरे बड़े प्रोजेक्ट्स धीरे-धीरे कम होते चले गए। जब ये रिश्ता भी टूट गया, तो प्रोफेशनल सपोर्ट सिस्टम भी बिखर गया और करियर को संभालना मुश्किल हो गया। राम गोपाल गर्मा की पत्नी को जब दोनों के अफेयर के बारे में पता चला तो उन्होंने उर्मिला से सारे रिश्ते खत्म कर लिए।
साल 2014 में उर्मिला मातोंडकर ने अपनी उम्र से 10 साल छोटे मॉडल और बिजनेसमैन मोहसिन अख्तर से शादी की। दोनों की मुलाकात एक मनीष मल्होत्रा की नीस की शादी में हुई थी। दोनों दोस्त बन गए और जल्द ही उन्हें एक-दूसरे से प्यार हो गया। आज उर्मिला मातोंडकर फिल्मी दुनिया से दूर हैं, लेकिन उनका नाम अब भी 90 के दशक की उन अभिनेत्रियों में लिया जाता है, जिन्होंने अपने दम पर इंडस्ट्री की सोच को चुनौती दी थी।