
बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला के फेक आधार कार्ड का इस्तेमाल कर किसी ने फाइव स्टार होटल में कमरा बुक कराया है। इस संबंध में उर्वशी ने बांद्रा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उर्वशी एक इवेंट में शिरकत करने के लिए उस होटल में गई थी। इस दौरान होटल के एक कर्मचारी ने उन्हें बताया कि होटल में उनके नाम से कमरा बुक है।
आॅनलाइन की गई थी बुकिंग:
उर्वशी ने पुलिस को बताया है कि मंगलवार को वह होटल में एक इवेंट अटेंड करने पहुंची थी। रात करीब 10.30 बजे होटल के एक कर्मचारी ने उन्हें बताया कि वहां उनके नाम से एक कमरा बुक किया गया है। इस पर उर्वशी ने कहा कि उन्होंने कोई बुकिंग नहीं कराई है। जब उन्होंने होटेल बुकिंग डीटेल्स चेक कराई तो पता चला कि बुकिंग आॅनलाइन हुई है।
आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज:
उर्वशी की शिकायत के बाद पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस उस आईपी एड्रेस की भी स्कैनिंग करी रही है, जिससे कि यह पता लगाया जा सके कि बुकिंग कहां से की गई है।
फर्जी आधार कार्ड का किया इस्तेमाल:
उर्वशी के नाम से होटल में रूम बुक कराने के लिए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेताल किया गया है। उर्वशी ने कहा, 'किसी ने आधार कार्ड पर मेरे नाम और फोटो का गलत तरीके से इस्तेमाल करते हुए होटल में कमरा बुक किया है। वहीं जो आधार कार्ड कमरा बुकिंग के लिए दर्ज कराया गया है उसका नंबर मेरे आधार नंबर से मेल नहीं खाता है।'
'हेट स्टोरी 4' में आई थी नजर:
उर्वशी रौतेला हाल में फिल्म ‘हेट स्टोरी 4’ में नजर आई थीं। हालांकि यह फिल्म बॉक्स आॅफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी। फिल्म का एक गाना 'आशिक बनाया आपने' दर्शकों को पसंद आया। बता दें कि उर्वशी ने अपने फिल्मी कॅरियर की शुरुआत फिल्म ‘सिंह साहब द ग्रेट’ से की थी। इस फिल्म में अभिनेता सनी देओल लीड रोल में थे। वहीं मीडिया में खबरें चल रही हैं कि वह सलमान खान की आगामी फिल्म ‘रेस 3’ में एक आइटम सॉन्ग करते हुए दिखाई दे सकती हैं।