
Akshay Kumar Movie Dubai Schedule Cancelled: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते अमेरिका-ईरान तनाव का असर अब बॉलीवुड की बड़ी फिल्मों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। हाल ही में शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' का दुबई शेड्यूल टलने की खबर सामने आई थी और अब इसी कड़ी में अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' का दुबई में गाने का शूट भी रद्द कर दिया गया है।
दरअसल, फिल्म की टीम ने सुरक्षा और अनिश्चित परिस्थितियों को देखते हुए ये बड़ा फैसला लिया है। फिल्म के मेकर्स ने इस खास गाने को दुबई की भव्य लोकेशन्स पर शूट करने की तैयारी कर ली थी। इसके लिए निर्देशक अहमद खान और पूरी स्टारकास्ट के साथ एक बड़ा शेड्यूल तय किया गया था। लेकिन मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए टीम ने जोखिम न लेते हुए शूटिंग को मुंबई शिफ्ट करने का निर्णय लिया।
सूत्रों के मुताबिक, इस गाने के लिए मुंबई के माध आइलैंड, गोल्डन टोबैको स्टूडियो और गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में शानदार सेट लगाए जाएंगे। इन सेट्स को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि उनमें नाइटक्लब, कैसीनो और प्राइवेट जेट जैसी हाई-प्रोफाइल लोकेशन्स का अनुभव दर्शकों को मिल सके।
फिल्म के प्रोडक्शन डिजाइनर शैलेश म्हाडिक की अगुवाई में तैयार किए जा रहे ये सेट्स दर्शकों को लग्जरी लाइफस्टाइल की झलक दिखाएंगे। मेकर्स की कोशिश है कि गाने का विजुअल इम्पैक्ट किसी अंतरराष्ट्रीय लोकेशन से कम न लगे। निर्देशक अहमद खान और निर्माता फिरोज ए. नाडियाडवाला इस गाने को फिल्म का सबसे आकर्षक हिस्सा बनाना चाहते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस खास गाने की शूटिंग 15 अप्रैल से मुंबई में शुरू होगी और इसमें फिल्म की पूरी स्टारकास्ट हिस्सा लेगी। अक्षय कुमार के अलावा रवीना टंडन, परेश रावल, दिशा पटानी, अरशद वारसी, जैकलीन फर्नांडिस, लारा दत्ता और श्रेयस तलपड़े जैसे कई कलाकार इस गाने में नजर आएंगे।
खास बात यह है कि अक्षय कुमार और रवीना टंडन की जोड़ी एक बार फिर लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर साथ दिखाई देगी, जिसे लेकर दर्शकों में खास उत्साह देखा जा रहा है।
'वेलकम टू द जंगल' पिछले कुछ सालों से बनाई जा रही है और इसकी शूटिंग पिछले साल दिसंबर में पूरी हो चुकी थी। ये फिल्म 26 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म की स्टारकास्ट और कॉमिक अंदाज को देखते हुए दर्शकों को इससे काफी उम्मीदें हैं।
हालांकि इस बार फिल्म में वेलकम फ्रेंचाइजी के लोकप्रिय किरदार उदय और मजनू नजर नहीं आएंगे, जिन्हें पहले नाना पाटेकर और अनिल कपूर ने निभाया था। इसके बावजूद नई स्टारकास्ट और ताजगी भरे अंदाज के कारण फिल्म को लेकर उत्साह बरकरार है।