
Varun Dhawan Birthday: फिल्म इंडस्ट्री के कामयाब एक्टर जिन्होंने अपना पहला डेब्यू न्यू कमर स्टार्स के साथ किया था। आज वो एक्टर अपना 38वां जन्मदिन मना रहा हैं। हम बात कर रहे हैं डेविड धवन के बेटे वरुण धवन की। वरुण धवन इंडस्ट्री का वो चमकता सितारा हैं जो अपनी एक्टिंग से लाखों लोगों का दिल जीत लेते हैं। वरुण धवन ने लगातार 11 हिट फिल्मों का ऐसा कारनामा किया, जिसने उन्हें शाहरुख खान जैसे बादशाह के रिकॉर्ड के समकक्ष लाकर खड़ा किया। अपनी कड़ी मेहनत, जुनून के दम पर आज वह उस मुकाम पर है जहां हर स्टार पहुंचने का सपना देखता है। आइए वरुण के जन्मदिन पर उनसे जुड़ी कुछ खास बातें जानते हैं…
वरुण धवन का जन्म 24 अप्रैल 1987 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने बचपन से ही अपने घर में सिनेमा की चकाचौंध देखी थी। वरुण के पिता डेविड धवन इंडस्ट्री को कई सुपरहिट फिल्में दे चुके हैं जिसमें शोला और शबनम', 'हसीना मान जाएगी', 'बीवी नंबर वन', 'हीरो नंबर वन', 'पार्टनर' हैं, लेकिन फिर भी वरुण के लिए सिनेमा का रास्त इतना आसान नहीं रहा। उन्होंने बिना पिता की मदद के अपनी मंजिल खुद तलाश की।
नॉटिंघम ट्रेंट यूनिवर्सिटी से बिजनेस मैनेजमेंट की डिग्री के बाद वरुण ने सिनेमा की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत सहायक निदेशक के तौर पर की थी। साल 2010 में करण जौहर की फिल्म 'माई नेम इज खान' में उन्होंने सहायक निदेशक की भूमिका निभाई। हालांकि, उनकी जिंदगी में असली जादू साल 2012 में हुआ, जब करण जौहर ने ही उन्हें 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' में बतौर अभिनेता लॉन्च किया। आलिया भट्ट और सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ इस फिल्म ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया, बल्कि वरुण को युवा दिलों की धड़कन बना दिया।
वरुण धवन की फिल्में अक्सर बॉक्स ऑफिस पर धमाल नहीं मचा पाती, पर लोग उनकी एक्टिंग को खूब पसंद करते हैं, वहीं वरुण ने अपने करियर के शुरुआती 7 सालों में लगातार हर फिल्म हिट ही दी है। ये करिश्मा न शाहरुख कर पाए थे और ना ही सलमान. उनके करियर के शुरुआती दौर में दोनों ही एक्टर ने कई फ्लॉप फिल्में भी दीं थीं, लेकिन वरुण के साथ ऐसा नहीं है। उनकी डेब्यू फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर जो 59 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी उसने बॉक्स ऑफिस पर 70 करोड़ की कमाई की थी। इसके बाद आई फिल्म 'मैं तेरा हीरो' जो 29 करोड़ रुपये में बनी थीं उसने 50 करोड़ की कमाई की थी। फिर 'हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया', 'बदलापुर', ABCD-2 तीनों ही फिल्में हिट साबित हुई थीं। इसके बाद 'दिलवाले', 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया', 'जुड़वा 2', अक्टूबर और सुई धागा जैसी फिल्मों ने भी बॉक्स ऑफिस पर कमाल किया था और हिट हुई थीं। इसलिए कहा जाता है कि वरुण धवन ने वो किया जो बड़े-बड़े सुपरस्टार नहीं कर पाए।
वरुण धवन के अपकमिंग फिल्म की बात करें तो वह जल्द सनी देओल के साथ 'बॉर्डर 2' में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म की शूटिंग से जुड़ी कई तस्वीरें भी वह पोस्ट करते रहते हैं। ये फिल्म अगले साल 23 जनवरी, 2026 को रिलीज होगी। इस फिल्म में वरुण धवन के अलावा दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी अहम रोल में होंगे। ये फिल्म साल 1997 में आई फिल्म "बॉर्डर" का सीक्वल है।