
Vicky Kaushal on his controversial ‘wife joke’: शादी के एक वायरल वीडियो पर ऑनलाइन ट्रोलिंग का शिकार बनने के कुछ महीनों बाद, विकी कौशल ने चर्चा में रहे "पत्नी वाले जोक्स" से जुड़े विवाद पर बात की है। छावा एक्टर ने कहा कि फेमस सेलिब्रिटीज से ज्यादातर अच्छे व्यवहार की उम्मीद की जाती है, लेकिन उनसे हर समय एकदम सही होने की उम्मीद करना सही नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी माना कि आलोचना कभी-कभी कीमती सबक भी दे सकती है।
एक मैगजीन से बात करते हुए, विकी ने 2026 की शुरुआत में हुई आलोचना के बारे में बात की और माना कि मशहूर हस्ती होने के साथ-साथ तारीफ और जवाबदेही, दोनों ही चीजें आती हैं।
उन्होंने कहा, "ऐसा बिल्कुल नहीं है कि आप एक फेमस हस्ती हैं इसलिए आपको हर समय सही होना जरुरी है। कभी-कभी हम आलोचना के हकदार होते हैं, और शायद मेरे लिए इसमें सीखने वाली बात यह है कि जितना प्यार लोग मुझे दे रहे हैं, उसके साथ-साथ एक खास तरह की जिम्मेदारी भी आती है।" इसके आगे विक्की ने कहा कि आलोचना शोहरत का एक ज़रूरी हिस्सा है और आखिर में यही मायने रखता है कि आप उसका जवाब कैसे देते हैं।
इसके आगे उन्होंने कहा, "ऐसा कोई अभिनेता नहीं है जिसे शोहरत मिली हो और उसे उसका दूसरा पहलू न देखना पड़ा हो। मैंने सोच-समझकर यह फैसला किया था कि मुझे इस मुकाम पर पहुंचना है, और कायनात ने मेरी इस चाहत को पूरा किया है। अब ये मुझ पर निर्भर करता है कि मैं शोहरत को कैसे संभालता हूं। और अगर आलोचना क्रिएटिविटी से की गयी है, तो आप उससे कुछ सीख सकते हैं।" वहीं, विकी ने यह भी कहा कि लोग उनके कामों या बातों का क्या मतलब निकालते हैं, इस पर उनका कंट्रोल नहीं है, इसलिए लोगों की राय के बजाय अपनी निजी तरक्की पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है।
इस विवाद की शुरुआत मार्च में हुई, जब शादी के एक इंवेट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया और देखते ही देखते वायरल हो गया। इस वीडियो में, विकी को दूल्हे के पिता से बातचीत करते हुए और उनसे दूल्हे को अपना मशहूर डायलॉग, "हाउज द जोश?" बोलने के लिए उकसाते हुए देखा गया था। जब भीड़ ने जवाब में "हाई, सर!" कहा, तो एक्टर ने मजाक में कहा, "मैंने ये देखा है कि बैचलर्स का जोश हमेशा हाई रहता है। हम शादीशुदा लोगों का जोश साल-दर-साल कम होता रहता है पर टेंशन लेने की बात नहीं है, 4 दिन में जोश कम नहीं होता।"
बता दें, इस पर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने विकी की आलोचना की, क्योंकि उन्होंने शादी से जुड़े ऐसे पुराने और औरतों के खिलाफ माने जाने वाले स्टीरियोटाइप्स का सहारा लिया, जिन्हें एक यूजर्स ने 'आउटडेटेड' और 'औरतों के खिलाफ' बताया। ये आलोचना अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से फैली और शादी के एक आम से मौके पर हुई बातचीत, अब ह्यूमर, शादी से जुड़े स्टीरियोटाइप्स और सेलेब्रिटीज की जवाबदेही पर एक बड़ी बहस का रूप ले चुकी है।