बॉलीवुड

सबसे महंगी अभिनेत्री गेल गेडॉट की ‘Wonder Woman 1984’ क्रिसमस पर भारतीय सिनेमाघरों में

'वंडर वुमैन' सीरीज की पिछली फिल्म 2017 में आई थी। 'वंडर वुमैन 1984' ( Wonder Woman 1984 ) की लागत करीब 14.75 अरब रुपए है। क्रिसमस पर 25 दिसम्बर को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज होगी यह फिल्म।
3 min read
• •
Updated: 27 Nov 2020, 5:26 PM IST
सबसे महंगी अभिनेत्री गेल गेडॉट की 'Wonder Woman 1984' क्रिसमस पर भारतीय सिनेमाघरों में
सबसे महंगी अभिनेत्री गेल गेडॉट की 'Wonder Woman 1984' क्रिसमस पर भारतीय सिनेमाघरों में

-दिनेश ठाकुर
कैटरीना कैफ ( Katrina Kaif ) को लेकर बनने वाली भारत की पहली सुपर हीरोइन फिल्म फिलहाल चर्चाओं से आगे नहीं बढ़ी है, हॉलीवुड की इस किस्म की एक और फिल्म 'वंडर वुमैन 1984' ( Wonder Woman 1984 ) को सिनेमाघरों में उतारने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अमरीका के साथ भारत में भी यह क्रिसमस पर 25 दिसम्बर को सिनेमाघरों में पहुंचेगी। 'वंडर वुमैन' सीरीज की पिछली फिल्म 2017 में आई थी। उसकी जबरदस्त कमाई के जोश में हॉलीवुड वालों ने नई कड़ी बनाने पर पानी की तरह पैसा बहाया है। 'वंडर वुमैन 1984' की लागत 20 करोड़ डॉलर (करीब 14.75 अरब रुपए) बताई जा रही है। दुनिया की सबसे महंगी अभिनेत्री के तौर पर मशहूर गेल गेडॉट ( Gal Gadot ) इस फिल्म में भी हैरतअंगेज कारनामों को अंजाम देने वाली डायना प्रिंस के किरदार में हैं, जो वह इस सीरीज की पिछली फिल्मों 'बेटमैन वर्सेज सुपरमैन : डॉन ऑफ जस्टिस' और 'वंडर वुमैन' में अदा कर चुकी हैं।


भारत में कभी मशहूर थे नाडिया के स्टंट
भारत की नई पीढ़ी को मलाल हो सकता है कि अपने देश में 'वंडर वुमैन' जैसी फिल्में क्यों नहीं बनतीं। लेकिन पुरानी पीढ़ी बखूबी जानती होगी कि हॉलीवुड की फिल्मों में जो कारनामे गेल गेडोट कर रही हैं, वैसे स्टंट भारतीय फिल्मों में नाडिया बरसों पहले दिखा चुकी हैं। तीस और चालीस के दशक में लोग 'फियरलैस नाडिया' के तौर पर मशहूर इस अभिनेत्री के कारनामों के दीवाने थे। तकनीकी तरक्की को लेकर 'वंडर वुमैन 1984' की हीरोइन के हाथ में इलेक्ट्रॉनिक हंटर आ गया है। नाडिया के हाथों में चमड़े का हंटर हुआ करता था, जो वह बदमाशों पर सटाक-सटाक बरसाती थीं। गले में स्कार्फ, हंटिंग सूट-बूट और फेंटम जैसे नकाब में नाडिया घोड़े पर सवार होकर कभी चलती ट्रेन का पीछा करती थीं, तो कभी 'हेय' बोलते हुए बांस के सहारे लम्बी छलांग लगाकर जाने कहां से कहां पहुंच जाती थीं।

नया तजुर्बा थे आधुनिक रंग-ढंग
नीली आंखों और सुनहरे बालों वाली ऑस्ट्रेलिया मूल की मैरी इवान्स कभी सर्कस में हंटर फटकारा करती थीं। यह सर्कस भारत आया और वह नाडिया के नाम से फिल्मों में कूद पड़ीं। अपनी पहली फिल्म 'हंटरवाली' से ही उन्होंने स्टंट दिखाना शुरू कर दिया था। उस जमाने में, जब भारतीय नायिकाएं सावित्री जैसे किरदार अदा करती थीं, नाडिया के आधुनिक रंग-ढंग दर्शकों के लिए नया तजुर्बा थे। यह अलग बात है कि फिल्मों में वे अंग्रेजी टोन में हिन्दी बोलती थीं। एक फिल्म में हीरो जॉन कावस का नाम नवीन था। उसके एक सीन में नाडिया बल खाते हुए बोलती हैं- 'केतना ऐंतजार केराओगे नोवीन' (कितना इंतजार कराओगे नवीन)।


कैटरीना कैफ बनेंगी सुपर हीरोइन
बहरहाल, 'वंडर वुमैन 1984' भारत पहुंचने के बाद बॉलीवुड को हॉलीवुड की कुछ और हवा लग सकती है। मुमकिन है कि हमारे यहां भी नायिकाओं के स्टंट वाली फिल्मों का सिलसिला फिर शुरू हो जाए, जो नाडिया के बाद थम गया था। सलमान खान के साथ 'टाइगर जिंदा है', 'सुलतान' और 'भारत' बना चुके निर्देशक अली अब्बास जफर जिस सुपर हीरोइन फिल्म की तैयारी में जुटे हैं (कैटरीना को लेकर), उसकी शूटिंग अगले साल शुरू होने के आसार हैं। इसका बजट करीब 200 करोड़ रुपए होगा। यानी हीरोइन के स्टंट वाली भारत की यह सबसे महंगी फिल्म होगी। बीच में खबर थी कि दीपिका पादुकोण भी सुपर हीरोइन फिल्म की तैयारी में हैं। बाद में उनका इरादा बदल गया और प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया।

Published on:
Also Read
View All
पंकज त्रिपाठी ने फिल्मों में आने से पहले होटल में किया था काम, 2 साल होटल में छीलते रहे प्याज और आलू

‘एनिमल’ से ‘वध’ तक नेगेटिव रोल निभाने वाले सौरभ सचदेवा ने टाइपकास्टिंग पर तोड़ी चुप्पी, बोले- ‘मैं खुद को एक दायरे में नहीं बांधता’

20 साल बाद साथ आए मिथुन चक्रवर्ती और शिल्पा शिरोडकर, एक्ट्रेस ने फोटो शेयर कर लिखा स्पेशल नोट

सैफ-अमृता के तलाक के बाद भी नहीं आई रिश्ते में कड़वाहट, अमृता सिंह को लेकर सबा बोलीं- ‘बड़ी बहन की तरह समझाती थीं’

बॉक्स ऑफिस पर तीसरे दिन 45% का उछाल फिर भी ‘आदिपुरुष’ से पीछे ‘रामायण’, 182 करोड़ रुपये के पार पहुंचा कलेक्शन