Zareen Khan Emotional Post For Mother: अभिनेत्री जरीन खान ने अपनी मां के निधन के 10 दिन बाद जाकर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने मां को याद करते हुए क्या कुछ कहा, चलिए जानते हैं।
Zareen Khan Emotional Post For Mother: बॉलीवुड अभिनेत्री जरीन खान इन दिनों गहरे दुख के दौर से गुजर रही हैं। उनकी मां परवीन खान का 8 अप्रैल 2026 को निधन हो गया था। मां के जाने के दस दिन बाद एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर अपने दिल का दर्द जाहिर किया है। जरीन खान के पोस्ट को देखने बाद फैंस भी काफी भावुक हो गए। जरीन ने क्या कुछ लिखा, चलिए जानते हैं।
जरीन खान ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी मां के साथ बिताए खास पलों का एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो में मां-बेटी के बीच की गहरी बॉन्डिंग साफ नजर आ रही थी। वीडियो के साथ उन्होंने एक इमोशनल पोस्ट भी लिखा, जिसमें उन्होंने अपनी मां को अपने जीवन की सबसे खास शख्सियत बताया।
अभिनेत्री ने अपनी मां के लिए श्रद्धांजलि व्यक्त की है। उन्होंने लिखा कि उनकी मां सिर्फ उनकी मां ही नहीं थीं, बल्कि उनकी पहली दोस्त, उनका पहला प्यार और उनकी पूरी दुनिया थीं। जरीन के शब्दों से साफ झलक रहा था कि मां के जाने के बाद उनकी जिंदगी में एक ऐसा खालीपन आ गया है जिसे भर पाना शायद कभी संभव नहीं होगा।
पोस्ट में उन्होंने ये भी साझा किया कि पिछले दस दिनों से वो लगातार अपनी मां की यादों में डूबी हुई हैं। उनके मुताबिक, मां के बिना हर दिन पहले से ज्यादा मुश्किल महसूस हो रहा है। उन्होंने लिखा कि दिल में जो दर्द और खालीपन है, वह हमेशा उनके साथ रहेगा। इस भावुक संदेश ने उनके फैंस को भी काफी प्रभावित किया।
जरीन खान की इस पोस्ट पर हजारों फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने कमेंट सेक्शन में उन्हें सांत्वना दी और इस मुश्किल समय में मजबूत रहने की सलाह दी। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उनके साथ खड़े नजर आए और उनकी मां की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते दिखाई दिए।
जरीन खान अक्सर अपनी मां के साथ अपने खास रिश्ते के बारे में बात करती रही हैं। वह कई इंटरव्यू में बता चुकी हैं कि उनकी मां उनके जीवन की सबसे बड़ी ताकत थीं। ऐसे में मां का अचानक चले जाना उनके लिए बेहद बड़ा झटका साबित हुआ है।