क्रिकेट की पिच से राजनीति के मैदान पर बाजी मारने वाले इमरान का कभी बॉलीवुड एक्ट्रेस जीनत अमान से रिलेशन सुर्खियों में रहा था. एक नजर डालते हैं उनकी लव स्टोरी पर...
70 और 80 के दशक में लोगों की जुबान पर बस एक नाम चढ़ चुका था... जीनत अमान। उस दौर में जीनत ने बॉलीवुड के साथ एक और नई चीज को जोड़ दिया, वो था ग्लैमर। बोल्ड सीन देने से जीनत को कोई परहेज नहीं थी। यही वजह थी कि उनका करियर तेजी से बढ़ता जा रहा था। साल 1976 से 1980 के बीच जीनत अमान और हेमा मालिनी सबसे ज्यादा पैसा कमाने वाली अदाकाराएं हुआ करती थीं। उन्होंने सत्यम शिवम सुंदरम, डॉन, दोस्ताना, लावारिस जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। जीनत की खूबसूरती के किस्से पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान तक में हो रहे थे।
साथ ही उनके और उस वक्त के स्टार पाकिस्तानी क्रिकेटर और मौजूदा प्रधानमंत्री इमरान खान के अफेयर के भी चर्चे थे। इमरान खान की एक्स वाइफ रेहम खान ने अपनी किताब में उनके जीनत अमान संग रिश्तों का जिक्र किया है. हालांकि उन्होंने किताब में सीधे तौर पर जीनत का नाम नही लिया है।
हालांकि न तो कभी जीनत ने और न ही इमरान ने अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की, लेकिन फिर भी दोनों के रिश्ते की खबरों ने अखबार के पहले पन्ने पर अपनी जगह पक्की कर ली थी। दोनों की लव स्टोरी की शुरूआत 70 के दशक में हुई, उस दौर में इमरान खान पाकिस्तान के स्टार खिलाड़ी हुआ करते थे और जीनत अमान बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा। दोनों की लव स्टोरी ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। खबरों की मानें तो दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया था लेकिन इस रिश्ते का अंत कुछ अच्छा नहीं रहा। इमरान और जीनत के प्यार के बीच दो देशों की सरहद आ गई। वैसे तो माना जाता है कि जब किसी से प्यार हो जाता है तो मजहब और सरहद की दीवारें दो प्यार करने वालों को रोक नहीं पातीं, लेकिन इमरान और जीनत की मोहब्बत सीमाओं में उलझ कर रह गई।
इमरान खान की पूर्व पत्नी रेहम खान (Reham Khan) ने अपनी किताब में बिना जीनत का नाम लिए उनकी और इमरान की प्रेमकहानी के बारे में बताया है। जिसके मुताबिक, मुंबई की पार्टियों में मिलना प्यार में बदल गया। इमरान को जीनत का बोल्ड अंदाज बेहद पसंद था। सिर्फ भारत ही नहीं पाकिस्तानी मीडिया में इस रिलेशनशिप को लेकर चर्चे थे। जीनत और इमरान की कई मुलाकातें लंदन में हुईं। इसी दौर में इमरान ने कई भारतीय ब्रांड्स के साथ विज्ञापन करार किए। ऐसे में वो अक्सर ऐड शूटिंग के लिए भारत भी आते थे।
वहीं, जब भारत में इमरान बॉलिंग या बैटिंग में अच्छा प्रदर्शन नहीं करते थे, तो उन्हीं की टीम के खिलाड़ी चुटकी लेते थे। कहते थे पिछली शाम जीनत अमान के साथ रहे होंगे इसलिए ऐसा प्रदर्शन कर रहे हैं। कहते हैं कि उस दौरे में पाकिस्तानी टीम जहां खेलने गई, उसमें से ज्यादातर जगहों पर जीनत भी पहुंचीं। उन्हें अक्सर इमरान के साथ देखा जाता था। भारत और पाकिस्तान दोनों देशों को ये जोड़ा काफी अच्छा लगा था। दोनों के बारे में छपी खबरें लोग चाव से पढ़ते थे।
यह भी पढ़ें- अमिताभ बच्चन ने करीना कपूर के पैर क्यों धोए?
रेहम खान ने अपनी किताब में लिखा है कि इमरान ने मुझे बताया कि बॉलीवुड एक्ट्रेस के साथ उनके अफेयर की खबरें सच थीं। लेकिन इमरान का जीनत से शादी करने का कोई इरादा नहीं था। वहीं जीनत उससे शादी करके घर बसाना चाहती थी। इस वजह से दोनों अलग हो गए। रेहम ने किताब में लिखा है, ‘जब मैंने उनसे शादी के बारे में पूछा तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि कैसे उनकी मां को एक पाकिस्तानी अखबार के ऑफिस से फोन आया कि इमरान की बॉलीवुड एक्ट्रेस से शादी की चर्चाओं की पुष्टि हो जाए। लेकिन इमरान की मां ने अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया और कहा कि मेरा बेटा कभी किसी से शादी नहीं करेगा और फोन पटक दिया।