
Zeenat Aman On Live In Relationships: बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान एक बार फिर अपने रिश्तों और शादी को लेकर दिए गए बेबाक विचारों की वजह से चर्चा में हैं। लिव-इन रिलेशनशिप का सपोर्ट करने वाले अपने पुराने बयान पर कायम रहते हुए उन्होंने साफ कहा है कि शादी जैसे आजीवन फैसले से पहले दो लोगों का एक-दूसरे को हर पहलू से समझना बेहद जरूरी है। उनका मानना है कि अगर दो लोग मानसिक और इमोशनल तौर से एक-दूसरे के अनुकूल नहीं हैं, तो सिर्फ शादी निभाने के लिए दुखी जीवन जीने का कोई मतलब नहीं है।
जीनत अमान के इस बयान ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। कुछ लोग उनकी सोच को आधुनिक और व्यावहारिक बता रहे हैं, तो कुछ इसे भारतीय पारिवारिक मूल्यों के खिलाफ मान रहे हैं।
शुभ्रा अयप्पा के साथ हाल ही में एक बातचीत के दौरान जीनत अमान ने कहा कि आज के समय में रिश्तों को सिर्फ प्यार के आधार पर नहीं परखा जा सकता। शादी कानूनी और सामाजिक रूप से एक बड़ा फैसला है, इसलिए उससे पहले ये समझना जरूरी है कि दोनों लोग मानसिक, भावनात्मक और व्यवहारिक रूप से एक-दूसरे के साथ सहज हैं या नहीं।
उन्होंने कहा कि सिर्फ रोमांस किसी रिश्ते को लंबे समय तक नहीं चला सकता। असली परीक्षा तब होती है, जब दो लोग रोजमर्रा की जिम्मेदारियों, आर्थिक फैसलों और पारिवारिक जिम्मेदारियों को साथ मिलकर निभाते हैं।
जीनत अमान ने रिश्तों को लेकर अपनी सोच को और साफ करते हुए कहा कि यदि किसी रिश्ते में सामंजस्य नहीं है, तो उसे सिर्फ समाज या परंपरा के दबाव में ढोने का कोई फायदा नहीं है।
उनके मुताबिक अगर दो लोग कुछ सालों तक खुशहाल जिंदगी जीते हैं, तो वह कई साल तक तनावपूर्ण और असंतुष्ट वैवाहिक जीवन बिताने से कहीं बेहतर है। उनका कहना है कि रिश्ते की गुणवत्ता उसकी अवधि से ज्यादा महत्वपूर्ण होती है।
अभिनेत्री ने ये भी कहा कि अक्सर लोग शादी से पहले यह सोच लेते हैं कि रोमांस हमेशा वैसा ही रहेगा, लेकिन वास्तविकता इससे अलग होती है। समय के साथ रिश्ते बदलते हैं और उन्हें मजबूत बनाए रखने के लिए दोनों लोगों को लगातार प्रयास करने पड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि हर सफल रिश्ते में समझौता, धैर्य, संवाद और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की जरूरत होती है। यदि लोग यह मान लें कि शादी के बाद सब कुछ अपने आप चलता रहेगा, तो निराशा होना तय है।
जीनत अमान ने खुलासा किया कि वो अपने बेटों को भी यही सलाह देती हैं कि शादी से पहले अपने पार्टनर को अच्छी तरह समझें। उनके अनुसार साथ रहकर यह जानना आसान हो जाता है कि दोनों लोगों की सोच, आदतें, भविष्य की योजनाएं और जीवनशैली एक-दूसरे से मेल खाती हैं या नहीं। उनका मानना है कि ऐसे फैसले भविष्य में कई बड़े विवादों और असफल शादियों से बचा सकते हैं। उन्होंने ये भी कहा कि अगर आप बच्चे चाहते हो तो उसे पालेंगे कैसे?
जीनत अमान की निजी जिंदगी भी काफी उतार-चढ़ाव भरी रही है। उन्होंने पहले अभिनेता संजय खान से शादी की थी, लेकिन ये रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया। बाद में उन्होंने अभिनेता मजार खान से विवाह किया, हालांकि वो रिश्ता भी कई मुश्किलों से गुजरा।
अभिनेत्री कई बार सार्वजनिक रूप से ये स्वीकार कर चुकी हैं कि उनके निजी अनुभवों ने रिश्तों को लेकर उनकी सोच को काफी प्रभावित किया है। शायद यही वजह है कि वो आज भी मानती हैं कि शादी से पहले एक-दूसरे को गहराई से समझ लेना भविष्य के लिए बेहतर साबित हो सकता है।