बदायूं

भांजे की आंखों के सामने मां की हत्या, फिर बच्चे को भी मार डाला, दिल्ली पुलिस ने हत्यारोपी को एनकाउंटर में किया गिरफ्तार

Govindpuri Double Murder:दिल्ली के गोविंदपुरी में बदायूं के रहने वाले मां-बेटे की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।। मृतका शारदा के चचेरे भाई सौरभ साहू ने पैसों के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था। 72 घंटे के भीतर पुलिस ने मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार कर लिया है।
2 min read
May 24, 2026
Delhi murder case, Govindpuri double murder
शारदा और खुशहाल की फाइल फोटो।

गोविंदपुरी के उस घर में 13 वर्षीय खुशहाल की चीखें गूंजती रही कि मामा, मम्मी को मत मारो… लेकिन आरोपी सौरभ साहू का दिल नहीं पसीजा। उसने पहले अपनी चचेरी बहन शारदा साहू पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और फिर मां को बचाने आए मासूम भांजे खुशहाल को भी मौत के घाट उतार दिया। शारदा उत्तर प्रदेश के बदायूं की अडौली की हरने वाली थी। वह अपने पति विष्णु साहू के साथ दिल्‍ली में रह रही थी।

बहन के घर पहुंचा था रुपये मांगने

पुलिस के मुताबिक, वारदात वाले दिन सौरभ साहू शाम करीब पौने आठ बजे गोविंदपुरी स्थित शारदा के घर पहुंचा था। शारदा ने दरवाजा खोला और उसे चाय-बिस्कुट खिलाए। कुछ देर बाद आरोपी ने दो लाख रुपये मांगे और कहा कि वह फल का कारोबार शुरू करना चाहता है।

रुपये देने से इनकार पर हुई कहासुनी

शारदा ने पैसे देने से इनकार करते हुए कहा कि वह नशे के लिए रुपये नहीं देगी। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया गया है कि शारदा अक्सर उसे नशे और गलत संगत छोड़कर काम-धंधा करने की सलाह देती थी। वह ताना देती थी कि कुछ काम नहीं करता, ऐसे शादी भी नहीं होगी।

इसी बात से नाराज सौरभ ने अपने साथ लाए चाकू से हमला कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उसने शारदा पर 15 से ज्यादा वार किए। मां को खून से लथपथ देख खुशहाल रोते हुए आरोपी के पैर पकड़कर गिड़गिड़ाता रहा कि मामा, मम्मी को मत मारो, लेकिन आरोपी नहीं रुका। उसने खुशहाल पर भी चाकू से कई वार कर दिए। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

ऐसे हुई आरोपी की पहचान

वारदात के बाद आरोपी रात करीब 8:23 बजे घर से निकल गया। वह 10 नंबर गली से गोविंदपुरी से बाहर जाता सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। पुलिस ने फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की। जब मृतका के पति विष्णु को तस्वीर दिखाई गई तो उसने आरोपी को पहचान लिया।

मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को पता था कि विष्णु का अच्छा कारोबार है और उसने दो कमेटियां उठाई हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी सौरभ साहू को शनिवार तड़के तुगलकाबाद एक्सटेंशन इलाके में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम को देखकर उसने फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध देसी पिस्तौल, कारतूस, वारदात के समय पहने कपड़े और अन्य सबूत बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है।

Updated on:
26 May 2026 06:19 pm
Published on:
24 May 2026 03:41 pm