बदायूं

Badaun Road Accident: ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, शादी में शगुन देने मायके जा रहीं 6 महिलाओं की मौत, 3 लोग घायल

बदायूं जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां 6 महिलाओं की सड़क हादसे में मौत हो गई है, जबकि 3 अन्य लोग घायल हैं। हादसे का शिकार हुई सभी महिलाएं ई-रिक्शा में बैठकर मायके जा रही थीं।

2 min read
Jun 17, 2026
Badaun road accident
सड़क हादसे में 6 महिलाओं की मौत (इमेज-पत्रिका)

Road Accident: बदायूं में ट्रैक्टर-ट्रॉली यात्रियों को लेकर जा रहे ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। इस हादसे में 6 महिलाओं की मौत हो गई है, जबकि 3 लोग घायल हुए हैं। हादसे का शिकार हुई सभी महिलाएं शादी का शगुन देने के लिए अपने मायके जा रही थीं। यह हादसा उझानी कोतवाली क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर हुआ है।

मातम में बदलीं खुशियां

बरेली-मथुरा हाईवे पर हुए सड़क हादसे में 6 महिलाओं की मौत हो गई। यह सभी महिलाएं शादी का शगुन देने के लिए मायके जा रही थीं। शादी में शामिल होने से पहले उनकी खुशियां मातम में बदल गईं। रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद महिलाएं ई-रिक्शा से छिटककर करीब 10 फीट दूर जा गिरीं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टरों ने 6 महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा 3 लोग घायल हुए हैं। घायलों की पहचान रिक्शा चालक सनी (32), डाल सिंह (58) और एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है।

मृतक महिलाओं के नाम

हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं का नाम प्रेमा (32), गंगाश्री उर्फ सरला (32), राजुकुमारी (50), रेवती (80), नारायणी (30) और आरती (30) है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई कर रही है।

आपस में रेस लगा रहे थे ट्रैक्टर चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो ट्रैक्टर चालक सड़क पर रेस लगा रहे थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे के बाद एक ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरा शख्स ट्रैक्टर दौड़ाकर भाग गया। पुलिस ने एक ट्रैक्टर और ट्रॉली को कब्जे में लिया है। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर चालकों की तलाश शुरू कर दी है।

घटना स्थल पर पहुंचे DM और SSP

हादसे की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया और हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई।

Updated on:
17 Jun 2026 03:24 pm
Published on:
17 Jun 2026 02:33 pm