बुलंदशहर

पुलिस ने एनकाउंटर में 25 हजार के इनामी बदमाश को मारी गोली, बाल-बाल बचे कोतवाल

पुलिस का ऑपरेशन ऑल आउट जारी, बुलंदशहर में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
2 min read
• •
Updated: 6 Jul 2018, 9:24 AM IST
Bulandshahr
पुलिस ने एनकाउंटर में 25 हजार के इनामी बदमाश को मारी गोली, बाल-बाल बचे कोतवाल

बुलंदशहर. यूपी पुलिस का ऑपरेशन ऑल आउट जारी है। पुलिस बदमाशों को ढूंढ-ढूंढकर ढेर कर रही है या उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा रही है। बुलंदशहर में भी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर दो मुठभेड़ हुई। खुर्जा नगर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 25 हजार के इनामी बदमाश सोमदत्त उर्फ छोटे को गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया है। इस मुठभेड़ के दौरान खुर्जा नगर कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार भी बाल-बाल बचे हैं।

दरअसल, बुलंदशहर की खुर्जा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बुलंदशहर के जहांगीराबाद से गैंगस्टर में वांछित चल रहा बदमाश सोमदत्त उर्फ छोटे खुर्जा में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। बाइक पर सवार इनामी खुर्जा में घुसने वाला है। पुलिस ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए अग्रवाल फाटक पहुंचकर छोटे की घेराबंदी की। वहीं खुद को पुलिस के बीच घिरता देख छोटे ने बाइक से कूदकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाश की एक गोली पुलिस जीप के शीशे में लगी। गनीमत रही कि इस बदमाश की गोली से खुर्जा नगर कोतवाल अरविंद कुमार बाल-बाल बच गए। वहीं जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से भी कई राउंड फायरिंग की गई, जिसमें पुलिस की एक गोली इनामी छोटे को लग गई।

पुलिस के मुताबिक इनामी छोटे पर कई संगीन मामले दर्ज हैं। वह जहांगीराबाद थाने से भी गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित चल रहा है। पुलिस ने घायल सोमदत्त उर्फ छोटे से देसी तमन्चा भी बरामद किया है। फिलहाल पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। साथ ही पुलिस अब बदमाश का पूरा आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी है।

Published on: