बुलंदशहर

शादी से पहले मेहंदी लगवा रही दुल्‍हन के साथ जीजा ने किया ऐसा काम, देखते रह गए सब लोग

छतारी थाना क्षेत्र के गांव नगलिया सिद्धपुर निवासी संगीता की रविवार को थी शादी
2 min read
• •
Updated: 19 Feb 2018, 12:47 PM IST
bulandshahar

बुलंदशहर। शादी से एक दिन पहले जीजा ने अपनी पत्‍नी की बहन के साथ ऐसा काम किया जिससे सभी स्‍तब्‍ध रह गए। वारदात के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मामला शनिवार रात का है। छतारी थाना क्षेत्र के गांव नगलिया सिद्धपुर में जीजा ने अपनी अपनी पत्‍नी की बहन का गला रेत कर हत्‍या कर दी।

कमरे में मेहंदी लगवा रही थी संगीता

दरअसल, छतारी थाना क्षेत्र के गांव नगलिया सिद्धपुर निवासी संगीता (20) पुत्री रेशमपाल सिंह की 18 फरवरी को शादी थी। एक दिन पहले शनिवार को घर में मेहंदी की रस्‍म चल रही थी। पूरे घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और रिश्‍तेदार आ चुके थे। पूरे घर में नाच-गाना चल रहा था। शनिवार रात को संगीता एक कमरे में मेहंदी लगवा रही थी। करीब सवा नौ बजे अचानक बिजली गुल हो गई और अंधेरा छा गया। इस बीच संगीता का जीजा बृजेश उस कमरे में पहुंच गया, जहां वह मेहंदी लगवा रही थी। वहां बृजेश ने संगीता पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया और उसकी गर्दन पर कई वार किए। जब संगीता लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी तो बृजेश वहां से फरार हो गया। इस दौरान वहां मौजूद लोग कुछ समझ नहीं पाए।

अभी नहीं पता चल सका है कारण का

इसके बाद संगीता के परिजन उसे फौरन अस्‍पताल ले गए, जहां डॉक्‍टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने संगीता के पिता रेशमपाल की तहरीर पर बृजेश निवासी अलीगढ़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। थानाध्‍यक्ष प्रताप सिंह बालियान ने कहा कि फिलहाल अभी हत्‍या करने की वजह का पता नहीं चल सका है। इस मामले की गंभीरत से जांच से की जा रही है। जल्‍दी ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

ग्रामीणों में रही चर्चा

वहीं, रविवार को जिस घर से युवती की डोली उठनी थी, वहां से अर्थी निकली तो कोहराम मच गया। युवती के परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, ग्रामीणों में भी इस बात को लेकर चर्चा रही कि आखिर बृजेश ने ऐसा क्‍यों किया।

Published on: