बुलंदशहर के एक होटल में दिल्ली से आकर मामी और भांजे रुके हुए थे। दोनों घर से भागकर आए हुए थे। तभी उन्हें होटल में पुलिस के आने की जानकारी मिली। यह सूचना मिलते ही दोनों ने जहर खा लिया।
बुलंदशहर : बुलंदशहर में एक ऐसी लवस्टोरी सामने आई है जो सुनने में थोड़ा अजीबोगरीब है। क्योंकि यहां इश्क फरमाने वाले दो लोग रिश्ते में मामी और भांजे हैं। महिला भांजे के प्यार में इस कदर चूर हो गई कि उसने अपने पति को ही गच्चा दे डाला। मामी और भांजे दोनों दिल्ली से भाग कर बुलंदशहर के एक होटल में रुके।
महिला अपने भांजे के साथ दिल्ली से बुलंदशहर आई। यहां दोनों एक होटल में रुके हुए थे। फिर उन्हें कहीं से पुलिस आने का पता चला तो दोनों ने भंडाफोड़ होने के डर से जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत में सुधार होने पर दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई।
दो दिन पहले दोनों घर छोड़कर यहां आए थे। गौतमबुद्धनगर क्षेत्र की महिला की शादी जहांगीराबाद में हुई थी, जबकि भांजा दिल्ली का रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के प्रेमनगर करावल नगर क्षेत्र के 22 वर्षीय युवक का प्रेम प्रसंग अपनी रिश्ते की मामी से चल रहा था। उसकी मामी गौतमबुद्धनगर के निक्सन विला बीटा-2 ग्रेटर नोएडा क्षेत्र की रहने वाली है। महिला बीते दिनों मायके गई थी। वहां से 17 जून को भांजे के साथ घर छोड़कर चली गई। उसको तलाशने में नाकाम रहने पर परिजनों ने 20 जून को महिला की गुमशुदगी गौतमबुद्धनगर के थाना बीटा 2 में दर्ज कराई थी।
वहीं, युवक की गुमशुदगी उसके परिजनों ने 20 जून को ही दिल्ली के थाना दयालपुर में दर्ज कराई थी। गौतमबुद्धनगर और दिल्ली पुलिस द्वारा दोनों की तलाश की जा रही थी। दिल्ली पुलिस को शनिवार को सूचना मिली कि मामी और भांजा बुलंदशहर के पुराने रोडवेज बस स्टैंड के समीप होटल में रुके हुए हैं। दिल्ली पुलिस ने फिर नगर पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस आने की भनक पाकर महिला ने अपने प्रेमी भांजे के साथ जहर खा लिया। पुलिस ने होटल में पहुंचकर प्रेमी युगल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार आ गया। थाना प्रभारी का कहना है कि महिला का अपने रिश्ते के भांजे के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसके चलते दोनों लोग अपना घर छोड़कर आ गए थे और बुलंदशहर में दोनों ने जहरीले पदार्थ खा लिया था।