
बुलंदशहर। जिले से एक बार फिर दरिंदगी की ख़बर सामने आई है। बुलंदशहर के औरंगाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में दरिंदे ने छह साल की मासूम को अपनी हवस का शिकार बनाया है। आरोपी मासूम को खीरा दिलाने के बहाने उस वक्त घर के आगे से उठा ले गया, जब वह घर के आगे खेल रही थी। बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें:शख्स ने किया ऐसा काम , पत्नी के बदले मिली जेल
झुग्गी के बाहर खेल रही थी बच्ची
पुलिस के अनुसार, औरंगाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला परिवार ईंट भट्ठे पर काम करता है। बुधवार को मजदूर की छह साल की बेटी अपनी झुग्गी के निकट खेल रही थी। इस बीच आरोपी अलीगढ़ निवासी मनीष ने बच्ची को 10 रुपये दिए। इसके बाद वह उसे खीरा खिलाने के बहाने जंगल में ले गया। जहां उसने मासूम से रेप किया।
जंगल में छोड़कर भागा आरोपी
वारदात को अंजाम देकर आरोपी बच्ची को बदहवास हालत में जंगल में ही पड़ा छोड़ गया। बच्ची की तलाश की गई तो वह गांव के बाहर जंगल मे बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। इसके बाद बच्ची के परिजनों ने 100 नंबर कॉल करके घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर मासूम को मेडिकल के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मासूम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
यह भी पढ़ें: भर्ती घोटाले में केस दर्ज होने पर आजम खान ने दिया चौंकाने वाला बयान
आरोपी को पुलिस ने पकड़ा
वहीं पुलिस ने आरोपी मनीष को जंगल में कांबिंग कर दबोच लिया। उसने अपना नाम अलीगढ़ के थाना अतरौली के बड़ोली गांव निवासी मनीष बताया है। वह भी उसी भट्ठे पर मजदूरी करता है। एसपी सिटी बुलंदशहर प्रवीण रंजन का कहना है कि पुलिस को दोपहर में इस घटना की सूचना मिली थी। इस सूचना पर तुरंत पुलिस पहुंची और मासूम को मेडिकल के लिए भेजा गया। मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मासूम के परिजनों का कहना है कि उसकी हाल गंभीर है।