Haryana Road Accident: दर्दनाक सड़क हादसे ने बूंदी जिले के पूरे परिवार को उजाड़ दिया। हरियाणा में हुए एक्सीडेंट में माता-पिता और छोटे भाई की मौत के बाद आठ वर्षीय बेटे ने पिता को मुखाग्नि दी तो हर किसी की आंखें नम हो गईं।
Bundi Family Member Death: हरियाणा के गुड़गांव के पास हाइवे पर हुई कार दुर्घटना में पत्नी और पुत्र की मौत के बाद सोमवार रात को पति नवीन सोनी की भी मौत हो गई। नैनवां निवासी नवीन सोनी गुड़गांव में एक बैंक में अधिकारी थे।
नवीन परिवार के साथ शनिवार को जयपुर में अपने साले (चाचा ससुर के लड़के) की शादी में आए थे। रविवार दोपहर में कार से परिवार के साथ वापस गुड़गांव जा रहे थे। कार में 39 वर्षीय नवीन, 38 वर्षीय पत्नी माधुरी, दोनों पुत्र आठ वर्षीय के कृश्नांश और तीन वर्षीय वियांश सवार थे।
गुड़गांव से 12KM पहले सोहना के पास कार का टायर फटने से कार डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। दुर्घटना में चारों घायल हो गए थे। चारों घायलों को गुड़गांव के एक चिकित्सालय में पहुंचाया, जिनमें से पत्नी माधुरी और छोटे पुत्र वियांश की तो रविवार को ही मौत हो गई थी।
नवीन की हालत गंभीर होने से उपचार के लिए आईसीयू में भर्ती थे। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में बड़े पुत्र के भी चोटें आई थी, जिसकी प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी कर दी।
हादसा परिजनों को जिंदगी भर का दर्द दे गया। परिजनों के दो दिन से आंसू नहीं रूक पा रहे। हादसे में पत्नी और पुत्र की मौत के बाद पति नवीन की भी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मंगलवार शाम को नवीन का शव नैनवां पहुंचा तो परिवार में ह्रदय विदारक कोहराम मच गया। एक साथ परिवार के तीन सदस्यों की मौत पर विलाप कर रहे परिजनों को रिश्तेदारों व मोहल्ले के लोगों के लिए संभालना मुश्किल हो रहा था। हादसे में बचे आठ वर्षीय घायल पुत्र कृश्नांश ने अंतिम संस्कार में पिता मुखाग्नि दी तो लोग इस मार्मिक दृश्य ने अन्तिम संस्कार में शामिल लोगों की आंखे नम कर दी।