
बूंदी। बालाजी के दर्शन के लिए निकले एक दंपती की खुशियां शनिवार को कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं। पत्नी सड़क किनारे खड़ी होकर पति का इंतजार करती रह गई और कुछ ही दूरी पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से उसकी मौत हो गई। हादसा कापरेन क्षेत्र में कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर बालापुरा मोड़ के पास हुआ। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बलवीर केवट (45) पुत्र राम कुंवर निवासी बगली, थाना देईखेड़ा शनिवार को अपनी पत्नी सुमित्रा बाई के साथ बाइक पर बालापुरा बालाजी के दर्शन करने जा रहा था। रास्ते में बाइक में पेट्रोल कम होने पर उसने पत्नी को बालापुरा मोड़ के पास खड़ा कर दिया और खुद पेट्रोल भरवाने पेट्रोल पंप चला गया। पत्नी को उम्मीद थी कि पेट्रोल भरवाकर पति कुछ ही देर में लौट आएगा।
पेट्रोल भरवाने के बाद बलवीर बाइक लेकर वापस बालापुरा मोड़ पर पहुंचा। यहां से वह बाइक घुमाकर बालापुरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान मेगा हाईवे पर लाखेरी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने घायल बलवीर को निजी वाहन की मदद से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, पत्नी को जब हादसे की सूचना मिली तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सूचना पर कापरेन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस के हेड कांस्टेबल राकेश सैनी ने बताया कि शव को कापरेन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम करवाकर शव उन्हें सौंप दिया गया।
पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद फरार हुए कार चालक की तलाश की जा रही है। दुर्घटना में शामिल कार और बाइक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।