
Rajasthan Panchayat Elections 2026: नैनवां (बूंदी): अबकी बार मजहब की दीवारें तोड़कर वोट देने की तस्वीर दुगारी ग्राम पंचायत में देखने को मिली। ग्राम पंचायत में 4856 मतदाता हैं, जबकि मुस्लिम मतदाताओं की संख्या मात्र 225 है। सरपंच पद के चुनाव में अल्फिया के अलावा तीन अन्य प्रत्याशी भी मैदान में थे। इस बार यहां के मतदाताओं ने मुस्लिम प्रत्याशी अल्फिया को 516 मतों से जीत दिलाकर सरपंच चुना।
अल्फिया का परिवार पहले भी दो बार चुनाव लड़ चुका है, लेकिन दोनों बार हार का सामना करना पड़ा। इस बार दुगारी के मतदाताओं ने अल्फिया को समर्थन देकर सरपंच बना दिया। बुधवार को नवनिर्वाचित सरपंच अल्फिया का पंचायत के गांवों में विजय जुलूस निकला तो उसमें उमड़ा जनसैलाब गांव की कौमी एकता और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल बन गया। जुलूस में हिंदू-मुस्लिम ग्रामीणों ने एक साथ शामिल होकर जीत का जश्न मनाया। जुलूस में नवनिर्वाचित उपसरपंच चौथमल महावर, पंचों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
गांव को नगरपालिका में शामिल किए जाने के विरोध में 57 दिनों तक आंदोलन की कमान संभालने वाले युवक के संघर्ष का ग्रामीणों ने अनूठे अंदाज में सम्मान किया। आंदोलन का नेतृत्व करने वाले खानपुरा निवासी सीताराम सैनी खुद सरपंच नहीं बन सके, लेकिन ग्रामीणों ने उनकी मां रतनी देवी को सरपंच बनाकर उनके संघर्ष का फल दे दिया। रतनी देवी ने सरपंच का चुनाव 580 मतों के अंतर से जीतकर यह संदेश दिया कि गांव के लिए किए गए संघर्ष को ग्रामीण भूले नहीं हैं।
दरअसल, करीब दो वर्ष पहले नगरपालिकाओं के सीमा पुनर्सीमांकन कार्यक्रम के तहत नैनवां नगरपालिका की शहरी मास्टर प्लान सीमा में आने के कारण स्वायत्त शासन विभाग ने 8 जनवरी 2025 को खानपुरा ग्राम पंचायत मुख्यालय सहित टोपा गांव को नगरपालिका में शामिल करने की अधिसूचना जारी कर दी थी। पंचायती राज विभाग ने भी दोनों गांवों को पंचायती राज संस्थाओं से पृथक कर दिया था। इसके विरोध में दोनों गांवों के ग्रामीणों ने आंदोलन शुरू किया। सीताराम सैनी ने आंदोलन की कमान संभालते हुए 7 फरवरी को संघर्ष का बिगुल बजाया।
लगातार 57 दिनों तक चले आंदोलन में ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाते हुए सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई। आंदोलन के दबाव के बाद आखिरकार स्वायत्त शासन विभाग को दोनों गांवों को नगरपालिका से अलग करना पड़ा। इस तरह ग्रामीणों की पंचायत व्यवस्था में बने रहने की मांग पूरी हुई।
पंचायत चुनाव की घोषणा के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन की सफलता के सूत्रधार सीताराम सैनी को ही सरपंच बनाने का मन बना लिया था, लेकिन सरपंच पद की सीट महिला के लिए आरक्षित होने के कारण उनकी मां रतनी देवी को प्रत्याशी बनाया गया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर उन्हें 580 मतों से जीत दिलाई। इस जीत को गांव के लिए 57 दिनों तक संघर्ष करने वाले बेटे सीताराम सैनी को ग्रामीणों की ओर से दिए गए सम्मान और आंदोलन की सफलता के तोहफे के रूप में देखा जा रहा है।