19 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Sawai Madhopur / आखिर 6 महीने से क्यों नहीं मिल रहा नया गैस कनेक्शन? सवाईमाधोपुर में 1500 उपभोक्ता परेशान, जानें अफसर ने क्या कहा

आखिर 6 महीने से क्यों नहीं मिल रहा नया गैस कनेक्शन? सवाईमाधोपुर में 1500 उपभोक्ता परेशान, जानें अफसर ने क्या कहा

सवाईमाधोपुर जिले में छह महीने से नए घरेलू गैस कनेक्शन जारी नहीं हो रहे हैं। यहां 1500 से अधिक आवेदक इंतजार कर रहे हैं। जिला रसद अधिकारी के अनुसार, एक-दो महीने में प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सवाई माधोपुर

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 19 Nov 2026, 2:26 PM IST

sawai madhopur lpg gas connection crisis

सवाईमाधोपुर के बजरिया में खड़ी गैस सिलेंडर की गाड़ी (पत्रिका फोटो)

Sawai Madhopur LPG Gas Connection Crisis: सवाईमाधोपुर: गैस सिलेंडर की किल्लत भले ही अब काफी हद तक दूर हो गई हो, लेकिन नया घरेलू रसोई गैस कनेक्शन लेने की राह देख रहे उपभोक्ताओं की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। छह महीने से नए कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया बंद पड़ी है। ऐसे में आवेदन कर चुके लोग कभी गैस एजेंसी तो कभी संबंधित कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर हैं। जिले में 1500 से ज्यादा उपभोक्ताओं के आवेदन लंबित बताए जा रहे हैं।

संकट खत्म, लेकिन कनेक्शन की राह अब भी बंद

मार्च में अमेरिका-ईरान और इजरायल के बीच शुरू हुए संघर्ष के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े संकट ने गैस आपूर्ति को प्रभावित किया था। इसके चलते तेल कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति को प्राथमिकता देते हुए नए कनेक्शन जारी करने पर रोक लगा दी थी। उस समय मौजूदा उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए यह कदम उठाया गया था। अब घरेलू गैस की आपूर्ति लगभग सामान्य हो चुकी है और उपभोक्ताओं को सिलेंडर भी आसानी से मिलने लगे हैं, लेकिन नए कनेक्शन जारी करने पर लगी रोक अब भी बरकरार है।

एजेंसियों के चक्कर, हर बार मिल रहा इंतजार का जवाब

नया कनेक्शन लेने के लिए आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस एजेंसियों से संपर्क करने के बावजूद उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिलता। कभी तेल कंपनियों से अनुमति नहीं मिलने तो कभी प्रक्रिया शुरू नहीं होने की बात कहकर वापस लौटा दिया जाता है। ऐसे में उपभोक्ताओं को यह भी पता नहीं चल पा रहा कि आखिर नए कनेक्शन कब तक जारी होंगे।

फैक्ट फाइल

छह माह से नए घरेलू गैस कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया बंद।

जिले में 1500 से ज्यादा उपभोक्ताओं के आवेदन लंबित।

गैस सप्लाई सामान्य होने के बाद भी नए कनेक्शन शुरू होने का इंतजार।

उपभोक्ताओं की पीड़ा…

नहीं मिल रहा नया कनेक्शन

नया घरेलू गैस कनेक्शन लेने के लिए आवेदन किया था, लेकिन छह महीने से इंतजार ही करना पड़ रहा है। कई बार गैस एजेंसी के चक्कर लगा चुके हैं। हर बार यही कहा जाता है कि अभी नए कनेक्शन जारी नहीं हो रहे हैं। गैस की आपूर्ति सामान्य होने के बाद भी कनेक्शन नहीं मिलने से परेशानी बनी हुई है।
-कजोड़ सिंह सोलंकी, उपभोक्ता, खैरा

बार-बार काटने पड़ रहे हैं चक्कर

नया गैस कनेक्शन लेने के लिए काफी समय से प्रयास कर रहे हैं, लेकिन एजेंसी की ओर से कोई निश्चित समय नहीं बताया जा रहा है। बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद सिर्फ इंतजार करने को कहा जाता है। जरूरत होने के बावजूद नया कनेक्शन नहीं मिलने से परेशानी उठानी पड़ रही है।
-राजू सैनी, कुस्तला, उपभोक्ता

इनका कहना है…

सरकार ने नए गैस कनेक्शन की प्रक्रिया पिछले छह माह से बंद कर रखी है। सरकार और तेल कंपनियों की नीतियों के चलते नए गैस कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया बंद है। करीब एक या दो माह में नए गैस कनेक्शन चालू होने की संभावना है।
-रामभजन मीणा, जिला रसद अधिकारी, सवाईमाधोपुर