बूंदी

कलेजा चीर देगी तस्वीर: सोमवार को मां-भाई और मंगलवार को पापा… 2 दिन में उजड़ गई 8 साल के कृशांश की दुनिया, अंतिम संस्कार करते रोता रहा मासूम

Bundi Accident News: 8 साल के बड़े बेटे कृशांश ने, जिसे खुद चोटें आई थीं, कांपते हाथों से अपनी मां और छोटे भाई को मुखाग्नि दी। वहां मौजूद हर शख्स की रूह कांप उठी।
2 min read
Feb 26, 2026
Feature image
Bundi Sony Family Pic

Bundi News: नियति का क्रूर खेल देखिए… जिस घर में कुछ दिन पहले शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अब सन्नाटा और चीखें हैं। भाई की शादी की खुशियां मनाकर लौट रहे बूंदी के सोनी परिवार के लिए गुरुग्राम का सोहना हाईवे काल बन गया। इस भीषण हादसे ने एक ही पल में हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पत्नी और 3 साल के मासूम बेटे के बाद, मंगलवार को जिंदगी की जंग लड़ रहे पति नवीन ने भी दम तोड़ दिया।

टायर फटा और बिखर गए सपने

नैनवां निवासी 39 वर्षीय नवीन सोनी गुरुग्राम के एक बैंक में अधिकारी थे। वे पत्नी माधुरी (38) और दो बेटों—कृशांश (8) और वियांश (3) के साथ जयपुर में अपने साले की शादी में आए थे। खुशियों का सफर तब गम में बदल गया जब रविवार दोपहर वापसी के दौरान सोहना के पास अचानक कार का टायर फट गया। अनियंत्रित होकर कार डिवाइडर से जा टकराई और पलट गई। चीख-पुकार के बीच जब तक राहगीर मदद को पहुंचे, तब तक सब कुछ उजड़ चुका था।

एक ही चिता पर विदा हुए मां-बेटा, मासूम ने दी मुखाग्नि

सोमवार की शाम नैनवां के लिए काली साबित हुई। जब माधुरी और छोटे बेटे वियांश के शव घर पहुंचे, तो पूरे कस्बे की आंखें नम हो गईं। स्वर्णकार समाज ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर शोक जताया। सबसे मार्मिक मंजर श्मशान घाट पर था, जहां एक ही चिता पर मां और बेटे को लेटाया गया। 8 साल के बड़े बेटे कृशांश ने, जिसे खुद चोटें आई थीं, कांपते हाथों से अपनी मां और छोटे भाई को मुखाग्नि दी। वहां मौजूद हर शख्स की रूह कांप उठी।

पिता ने भी तोड़ा दम, अकेला रह गया कृशांश

हादसे में गंभीर रूप से घायल नवीन सोनी आईसीयू में वेंटिलेटर पर थे। मंगलवार उन्होंने भी अंतिम सांस ली। अब इस परिवार में केवल 8 साल का कृशांश बचा है, जिसके सिर से मां-बाप का साया उठ चुका है और छोटा भाई भी साथ छोड़ गया। पीहर और ससुराल दोनों पक्षों में मातम पसरा है। जिस शादी की एल्बम में ये परिवार मुस्कुराता दिख रहा था, आज वही तस्वीरें परिजनों को कुरेद रही हैं।

Updated on:
26 Feb 2026 08:20 am
Published on:
26 Feb 2026 08:20 am