बूंदी

Bundi Crime: चाकूबाजी में घायल युवक की कोटा में उपचार के दौरान मौत, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

बूंदी जिले के कापरेन शहर में बीती रात कोटा-लालसोट मेगा हाईवे कापरेन बायपास पर कुछ युवकों में हुई कहासुनी के बाद एक युवक की चाकू घोपकर नृशंस हत्या करने का मामला सामने आया है।
2 min read
• •
Oct 01, 2026
Pankaj Meena Death
मृतक पंकज मीणा। पत्रिका फाइल फोटो

बूंदी। बूंदी जिले के कापरेन शहर में बीती रात कोटा-लालसोट मेगा हाईवे कापरेन बायपास पर कुछ युवकों में हुई कहासुनी के बाद एक युवक की चाकू घोपकर नृशंस हत्या करने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद युवक को गम्भीर घायल अवस्था में कापरेन अस्पताल लाया गया। जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर कर दिया गया। कोटा में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कोटा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

इससे पहले कापरेन अस्पताल में एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने पर अस्पताल में मौजूद लोगों में रोष व्याप्त हो गया था। फिलहाल मृतक के परिजनों की और से पुलिस को रिपोर्ट नहीं सौंपी गई है। कापरेन थाना प्रभारी राजाराम जाट ने बताया कि घटना बीती रात 9.30 बजे कोटा-लालसोट मेगा हाईवे कापरेन बायपास पर एक टायर पंचर की दुकान के पास की है। जहां कापरेन निवासी 22 वर्षीय पंकज मीणा उर्फ भल्ला की अज्ञात हमलावरों ने चाकू घोपकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

घायल युवक को कापरेन अस्पताल पहुंचने पर प्राथमिक उपचार कर रेफर किया गया। लेकिन 108 एम्बुलेंस सूचना के आधा घंटे तक नही पहुंच पाई। जिससे मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश रहा। वारदात की सूचना के बाद पुलिस थानाधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी में जुट गए। घायल युवक के रैफर होने पर रातभर पुलिस घटना स्थल पहुंची। हमलावरों की तलाश की गई, लेकिन अब तक कोई सुराग नही लग पाया है।

आज होगा पोस्टमार्टम

थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद पंकज को कापरेन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोटा रेफर कर दिया गया। कोटा में देर रात उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों की और से कोई लिखित रिपोर्ट नहीं दी गई है। जैसे ही रिपोर्ट मिलेगी शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। थाना प्रभारी राजाराम जाट ने बताया कि घटना के बाद से आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लगातार जगह जगह दबिश दे रही है। फिलहाल आपसी कहासुनी की बात पर झगड़ा होने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

Updated on:
01 Oct 2026 10:47 am
Published on:
01 Oct 2026 10:47 am