
Bundi Zila Pramukh : लाखेरी. नवगठित लाखेरी पंचायत समिति में प्रधान पद का चुनाव अब महज बहुमत के आंकड़ों का खेल नहीं रह गया है। यहां छह-छह सदस्यों के साथ कांग्रेस और बसपा आमने-सामने हैं, जबकि भाजपा के तीन सदस्य पूरे सियासी गणित को प्रभावित करने की स्थिति में हैं। यही तीन सदस्य तय करेंगे कि प्रधान की कुर्सी किस खेमे के हिस्से आएगी। चुनाव परिणाम के बाद से ही राजनीतिक दलों में अंदरखाने हलचल तेज हो गई है। संपर्क, मुलाकातों और समर्थन जुटाने की कवायद ने चुनाव को दिलचस्प मोड़ पर ला खड़ा किया है।
लाखेरी पंचायत समिति के चुनाव में कांग्रेस और बसपा दोनों छह-छह सीटों पर जीत दर्ज कर बराबरी पर हैं। ऐसे में किसी भी दल के लिए अकेले प्रधान पद तक पहुंचना आसान नहीं है। भाजपा के तीन सदस्यों की मौजूदगी ने मुकाबले को सीधे दो दलों की लड़ाई से आगे बढ़ाकर त्रिकोणीय राजनीतिक समीकरण में बदल दिया है। दोनों प्रमुख दलों की नजर अब भाजपा के रुख पर टिकी है।
इस चुनाव में भाजपा की स्थिति संगठन के लिए भी राजनीतिक समीक्षा का विषय बन गई है। टिकट वितरण के दौरान अपनाई गई रणनीति और प्रधान पद के संभावित चेहरे को लेकर पार्टी के फैसलों पर पहले ही सवाल उठे थे। अब जब परिणाम में पार्टी तीन सदस्यों तक सिमट गई है, तो स्थानीय नेतृत्व के सामने अपनी राजनीतिक उपयोगिता साबित करने की चुनौती है।
फिलहाल कांग्रेस और बसपा दोनों अपनी-अपनी दावेदारी को लेकर सक्रिय हैं। भाजपा के तीन सदस्यों को लेकर भी अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। लेकिन वास्तविक स्थिति मतदान के दिन ही स्पष्ट होगी। 27 नवंबर को होने वाला प्रधान पद का चुनाव केवल एक पदाधिकारी का चयन नहीं होगा, बल्कि यह भी तय करेगा कि लाखेरी की नवगठित पंचायत समिति में किस दल का राजनीतिक प्रभाव स्थापित होगा।
बूंदी. पंचायत चुनाव में जनता का फैसला आ चुका है, अब बुधवार को जिला प्रमुख की कुर्सी पर ताज किसके सिर सजेगा, इसका फैसला होगा। जिला परिषद में 21 सीटें जीतकर कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है, जबकि भाजपा को महज 6 सीटें मिली हैं। इसके बावजूद कांग्रेस में जिला प्रमुख के नाम पर सहमति नहीं बन पाई है। ओबीसी ओपन सीट होने के कारण पार्टी के सामने अपने ही 9 ओबीसी चेहरों में से उपयुक्त नाम चुनने की चुनौती है। दावेदारों की जयपुर तक दौड़ जारी है और राजनीतिक समीकरण साधने के लिए सदस्यों की बाड़ाबंदी भी की गई है।
जिला प्रमुख का निर्वाचन बुधवार को होगा। इस बार आरक्षण ने सियासी तस्वीर बदल दी है। पिछली बार अनारक्षित रही जिला प्रमुख की सीट अब ओबीसी ओपन होने से कई नए चेहरे दावेदारी में सामने आए हैं। कांग्रेस में जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर कई नामों पर चर्चा है। पार्टी के स्थानीय नेताओं के साथ विधायकों की पसंद और संगठन के समीकरण भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। ऐसे में बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस के लिए सर्वसम्मति से चेहरा तय करना आसान नहीं दिख रहा।