
बूंदी। राजस्थान की 'छोटी काशी' यानी बूंदी में तीन दिन तक चलने वाले 'बूंदी महोत्सव' की शुक्रवार को बड़ी धूमधाम से शुरुआत हुई। गढ़ गणेश की पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण के साथ इस रंगारंग उत्सव का आगाज किया गया। पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन की ओर से हो रहे इस आयोजन में पहले ही दिन लोक संस्कृति, कला, परंपरा और मनोरंजन का जबरदस्त रंग देखने को मिला। खास बात यह रही कि इस बार महोत्सव में विदेशी पावणों ने न सिर्फ राजस्थानी धुनों पर जमकर ठुमके लगाए, बल्कि देसी खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
महोत्सव के पहले दिन सबसे ज्यादा रौनक विदेशी पर्यटकों की वजह से रही। राजस्थानी लोक गीतों और ढोल-नगाड़ों की थाप सुनकर विदेशी मेहमान खुद को रोक नहीं पाए और लोक कलाकारों के साथ कदम से कदम मिलाकर खूब नाचे। इसके अलावा, महोत्सव के दौरान हुए पारंपरिक खेलों में भी विदेशी सैलानियों का गजब का उत्साह देखने को मिला।
उन्होंने सिर पर मटका रखकर रेस लगाई और रस्साकशी के मुकाबले में भी जमकर जोर आजमाया। यही नहीं, राजस्थानी वेशभूषा और शाही मूंछों वाले कलाकारों को देखकर विदेशी मेहमान इतने खुश हुए कि उनके साथ खूब सेल्फी और फोटो खिंचवाए।
इससे पहले सुबह अतिथियों ने ध्वजारोहण कर महोत्सव की औपचारिक शुरुआत की। इस मौके पर सभापति भरत शर्मा, पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा, पूर्व राजपरिवार के सदस्य वंश वर्धन सिंह और एडीएम एच. डी. सिंह ने पूरे विधि-विधान से गढ़ गणेश की पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद सभी अतिथियों ने आर्ट कैंप का भी उद्घाटन किया, जहां कलाकारों की बनाई कलाकृतियां लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं।
शुभारंभ के बाद गढ़ की पड़स से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें लोक कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से शहर की सड़कों पर राजस्थानी संस्कृति के रंग बिखेर दिए।
यह शोभायात्रा शहर के मुख्य रास्तों से होती हुई पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचकर पूरी हुई। पूरे रास्ते में शहरवासियों और व्यापारियों में गजब का जोश दिखा।
जगह-जगह विभिन्न सामाजिक संगठनों और व्यापारियों ने शोभायात्रा पर फूलों की बारिश कर कलाकारों और विदेशी मेहमानों का दिल खोलकर स्वागत किया।