
बूंदी। जिले के इंद्रगढ़ थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों युवक देर रात ढाबे पर खाना खाने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, करवर निवासी बुद्धि प्रकाश नागर (33) और यशवंत उर्फ धीरज सेन (27) सोमवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे इंद्रगढ़ के एक ढाबे पर खाना खाने के बाद मोटरसाइकिल से करवर लौट रहे थे। जब वे भूरया खाल आम्बा वाले कुएं के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे कृष्णमुरारी गुर्जर और विनोद नायर ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को अपनी कार से करवर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया। बुद्धि प्रकाश को उसके परिजन कोटा ले गए, जबकि यशवंत को सवाई माधोपुर अस्पताल पहुंचाया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर दोनों को जयपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान पहले मंगलवार तड़के बुद्धि प्रकाश और बाद में मंगलवार दोपहर यशवंत की भी मौत हो गई।
बुद्धि प्रकाश का शव जयपुर से इंद्रगढ़ चिकित्सालय लाया गया, जहां पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं यशवंत के शव का पोस्टमार्टम मंगलवार देर शाम तक चला और उसका अंतिम संस्कार बुधवार को किया जाएगा।
मृतक बुद्धि प्रकाश के बड़े भाई जितेंद्र नागर ने इंद्रगढ़ थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उन्होंने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस हादसे ने करवर कस्बे को गहरे सदमे में डाल दिया है। मंगलवार को जैसे ही दोनों युवकों की मौत की खबर कस्बे में पहुंची, पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया। बुद्धि प्रकाश के अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बताया गया कि बुद्धि प्रकाश अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। वहीं यशवंत के निधन से भी परिवार और परिचितों में गहरा शोक है। दो घनिष्ठ दोस्तों की एक साथ हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।