
बूंदी. दुकान खुली है, सामान करीने से सजा है और रेट लिस्ट भी लगी है। सामने एक खुला डिब्बा रखा है, जिसमें कोई भी बच्चा अपनी मर्जी से पैसे डाल सकता है। चाहें तो सामान उधार भी ले सकता है। लेकिन यहां न कोई दुकानदार है, न पहरेदार और न ही हिसाब मांगने वाला। इसके बावजूद न सामान गायब होता है और न पैसों का हिसाब बिगड़ता है। उधार लेने वाले बच्चे अगले दिन खुद पैसे जमा कराने पहुंच जाते है। यह किसी कहानी की कल्पना नहीं, बल्कि बूंदी के पीएमश्री उच्च प्राथमिक विद्यालय झापड़ी की हकीकत है। यहां दुकान ताले से नहीं, बच्चों की ईमानदारी से चलती है। शिक्षिका अनुराधा जैन की पहल पर शुरू हुई इस अनूठी व्यवस्था का नाम है 'शॉप ऑफ ऑनेस्टी' यानी ईमानदारी की दुकान। हर शनिवार बाल दिवस के अवसर पर चलने वाली इस दुकान से विद्यालय के 330 विद्यार्थी जुड़े हैं। पेन, पेंसिल, रबर, कटर, स्केल, ज यामिति बॉक्स, कॉपियां, रंग, ड्राइंग बुक और रजिस्टर जैसी जरूरी सामग्री यहां उचित दर पर मिलती है।
दुकान की खासियत यह है कि किसी बच्चे के पास पैसे नहीं हैं तो भी उसे मायूस नहीं लौटना पड़ता। वह जरूरत का सामान ले जा सकता है और अगले दिन खुद आकर पैसे जमा कर देता है। न किसी गारंटी की जरूरत है और न उधार मांगने की झिझक। दरअसल, स्कूल के ज्यादातर बच्चों के अभिभावक मजदूर, किसान और छोटे व्यापारी हैं। वे सुबह काम पर निकल जाते हैं। ऐसे में कई बार बच्चों को स्टेशनरी नहीं मिल पाती थी। इसी समस्या के समाधान के लिए यह पहल की।
प्रधानाचार्य जगन प्रसाद का कहना है कि शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। इस दुकान में बच्चों को ईमानदारी का पाठ पढ़ाया नहीं जाता, बल्कि उस पर अमल करने का मौका दिया जाता है।
इस दुकान का संचालन भी बच्चों के लिए सीखने का अवसर है। हर महीने एक विद्यार्थी को दुकान का प्रभारी बनाया जाता है। वह बिक्री, जमा राशि और खर्च का पूरा हिसाब डायरी में दर्ज करता है। बाद में यह लेखा-जोखा प्रभारी शिक्षक अंकित भारद्वाज को सौपा जाता है। इसी आधार पर नई सामग्री खरीदी जाती है। शिक्षक देवलाल सैनी और मैना बाहेती बताते हैं कि बच्चे खुद सामान उठाते हैं और निर्धारित कीमत के अनुसार पैसे जमा करते हैं। इस तरह वे जोड़-घटाव, लेन-देन और जिम्मेदारी निभाने का व्यावहारिक हुनर भी सीखते हैं।