बूंदी

बूंदी: ताऊ के साथ जिस ट्रैक्टर में बैठकर मिठाई लेने जा रहा था मासूम, उसी के टायर के नीचे आने से गई जान; गांव में छाया शोक

बूंदी के रामगंजबालाजी बायपास पर ट्रैक्टर हादसे में 7 साल के मासूम महेश की मौत हो गई। ताऊ के साथ मिठाई लेने जा रहा बच्चा ट्रैक्टर से नीचे गिरकर टायर की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने हाईवे निर्माण में लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 1:16 PM IST
Ramganj Balaji Accident
Ai Generated Image

बूंदी. त्योहार की खुशियां एक परिवार के लिए पलभर में मातम में बदल गईं। सदर थाना क्षेत्र के रामगंजबालाजी बायपास पर हुए हादसे में 7 साल के मासूम महेश की जान चली गई। वह अपने ताऊ और परिवार के एक अन्य बच्चे के साथ उसी ट्रैक्टर में बैठकर मिठाई लेने रामगंजबालाजी जा रहा था। रास्ते में उसी ट्रैक्टर के नीचे आने से महेश की मौके पर ही मौत हो गई।

बाइक को बचाने के प्रयास में खाई की तरफ गया ट्रैक्टर

जानकारी के अनुसार, महेश मांगली नदी के पास स्थित भंवरदा गांव का रहने वाला था। वह अपने ताऊ और परिवार के एक अन्य बालक के साथ ट्रैक्टर में सवार होकर मिठाई खरीदने जा रहा था। इससे पहले ट्रैक्टर की धुलाई करवाई गई थी। रामगंजबालाजी बायपास पर हाईवे के साथ संपर्क सड़क बनाने का काम चल रहा है। इसी दौरान सामने से गलत साइड में आ रही एक बाइक अचानक ट्रैक्टर के सामने आ गई। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर चालक संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क किनारे खोदी गई खाई की तरफ चला गया।

इसी दौरान महेश ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और चलते ट्रैक्टर के टायर के नीचे आ गया। हादसे के बाद परिजन उसे तुरंत बूंदी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं करवाने की बात कही और शव गांव ले जाने पर सहमति जताई।

गांव में नहीं हुआ ट्रैक्टरों की पूजा का कार्यक्रम

महेश का शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। त्योहार के मौके पर हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक छा गया। गोवर्धन पूजा के बाद देवनारायण मंदिर में ट्रैक्टरों की पूजा का कार्यक्रम रखा गया था, लेकिन मासूम की मौत के बाद यह कार्यक्रम नहीं किया गया।

1 किलोमीटर तक हाइवे खोदा,हो रही दुर्घटनाएं

हाईवे निर्माण कंपनी द्वारा 1 साल पूर्व ओवरब्रिज बनाने के लिए लगभग 5 से10 फीट तक की खाई सड़क के दोनों तरफ खोद रखी है,लेकिन निर्माण कार्य में देरी के चलते यहां पर कार्य शुरू होने के बाद से अब तक करीब आधा दर्जन के करीब लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही दर्जनों लोग दुर्घटना में घायल हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले को लेकर जिला कलक्टर से मिलकर निर्माण कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी। सुनवाई नहीं होने पर ग्रामीणों द्वारा आंदोलन किया जाएगा।

Updated on:
10 Nov 2026, 1:16 PM IST
Published on: