
Bundi Zila Pramukh Hansa Gurjar: आंखों में सरकारी नौकरी का सपना था और जयपुर में रहकर सेकेंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। इसी बीच पति का एक फोन आया और जिंदगी की पूरी दिशा बदल गई। किताबें छोड़कर चुनावी मैदान में उतरीं और अब महज 28 साल की उम्र में बूंदी जिले की जिला प्रमुख बन गईं। यह कहानी है, कांग्रेस की नवनिर्वाचित जिला प्रमुख हंसा गुर्जर की, जिनके कंधों पर अब जिले के ग्रामीण विकास की जिम्मेदारी है।
हंसा गुर्जर एमए और बीएड की पढ़ाई पूरी करने के बाद जयपुर में रहकर सेकेंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। कोचिंग चल रही थी और अध्यापिका बनने का सपना था। इसी बीच नवंबर महीने की शुरुआत में उनके पति का फोन आया। पति ने बताया कि कांग्रेस ने उन्हें वार्ड नंबर 21 से जिला परिषद सदस्य का टिकट दिया है। इसके बाद हंसा कोचिंग छोड़कर गांव लौट आईं और चुनावी मैदान में उतर गईं।
हंसा गुर्जर ने जिला परिषद सदस्य के चुनाव में 3 हजार 232 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। इसके बाद बुधवार को जिला प्रमुख पद के चुनाव में भी उन्होंने बाजी मार ली। कांग्रेस की हंसा गुर्जर ने भाजपा प्रत्याशी और पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी के पुत्र मनीष सैनी को 13 मतों से हराया। जिला प्रमुख चुनाव में हंसा को 20, जबकि मनीष सैनी को सात वोट मिले।
28 वर्षीय हंसा गुर्जर मूल रूप से रेण गांव की रहने वाली हैं। वर्ष 2019 में उनका विवाह चेता के निकट गुर्जरों का बरड़ा निवासी भोलाशंकर गुर्जर से हुआ था। उनके ससुर ग्यारसी लाल गुर्जर वर्ष 2000 से 2010 तक चेता ग्राम पंचायत के सरपंच रहे। वहीं, पति भोलाशंकर गुर्जर भी वर्ष 2020 से 2026 तक इसी ग्राम पंचायत के सरपंच रहे। परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि के चलते हंसा को राजनीति और पंचायतीराज व्यवस्था को करीब से समझने का अवसर मिला।
राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद हंसा गुर्जर की पहली पसंद सरकारी नौकरी और अध्यापन ही रही। पढ़ाई में शुरू से होशियार रहीं हंसा ने एमए और बीएड की डिग्री हासिल करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की थी। हालांकि, जिला परिषद चुनाव में टिकट मिलने के बाद उनकी जिंदगी ने नया मोड़ ले लिया।
जिस उम्र में हंसा गुर्जर सरकारी नौकरी हासिल करने की तैयारी कर रही थीं, उसी उम्र में उन्हें बूंदी जिले के ग्रामीण विकास की बड़ी जिम्मेदारी मिल गई है। अब उनके सामने गांवों के विकास, ग्रामीण समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने की चुनौती होगी। शिक्षक बनने का सपना देखने वाली हंसा अब 'गांव की सरकार' की मुखिया के रूप में अपनी नई पारी शुरू करेंगी।