बूंदी

हॉस्पिटल से 500 मीटर पहले हादसा: पोती को ले जा रहे बुजुर्ग की बस की टक्कर से मौत

Rajasthan Road Accident: कोटा में दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में पोती को अस्पताल ले जा रहे दादा की मौत हो गई, जबकि दादी और मासूम बच्ची घायल हो गईं। अस्पताल से महज 500 मीटर पहले सेंट्रल जेल की बस ने बाइक को टक्कर मार दी।

2 min read
Apr 23, 2026
Kota Accident
घायल बच्ची और मृतक भंवर लाल की फाइल फोटो: पत्रिका

Central Jail Bus Hit Bike Rider Died: पोती को अस्पताल दिखाने जा रहे दादा की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि दादी-पोती घायल हो गईं। हादसा महावीर नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कोटिया भील सर्कल के पास हुआ, जहां सेंट्रल जेल की बस ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी।

सेंट्रल जेल की बस ने मरी टक्कर

पुलिस ने बताया कि बूंदी जिले के सीतापुरा निवासी भंवरलाल (62) पत्नी संतोष बाई (58) और 10 वर्षीय पोती के साथ बाइक से अस्पताल जा रहे थे। अस्पताल पहुंचने से करीब 500 मीटर पहले ही सामने से आ रही सेंट्रल जेल की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई।

चैकअप के लिए ले जा रहे थे अस्पताल

मृतक के बेटे नरेश कुमार ने बताया कि उसकी बेटी को करीब दो महीने पहले चार-पांच कुत्तों ने काट लिया था, जिससे उसकी पसलियां भी टूट गई थीं। उसका नियमित चेकअप कराने के लिए दादा उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे। हादसे के बाद आसपास के लोगों की मदद से तीनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।

अस्पताल में इलाज के दौरान भंवरलाल को अचानक सीने में तेज दर्द और सांस लेने में दिक्कत होने लगी। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में भी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

वहीं संतोष बाई के हाथ-पैर में चोट आई है और बच्ची के कंधे पर भी गंभीर चोट बताई जा रही है, जिनका इलाज जारी है। एएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की शिकायत पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मृतक शहर में सैलून का काम कर परिवार का पालन-पोषण करता था और अपने परिवार का मुख्य सहारा था।

Updated on:
23 Apr 2026 01:04 pm
Published on:
23 Apr 2026 11:23 am