
Rajasthan Crime News: भारतीय जनता पार्टी बूंदी जिले के पूर्व जिला प्रवक्ता एवं भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट अनिल जैन को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। उनके मोबाइल नम्बर पर रात्रि 12 बजे अज्ञात नंबर से मैसेज आया, जिसमें एक युवक ने जैन को जान से मारने की धमकी दी है। भाजपा नेता जैन ने तालेड़ा थाने में मुकदमा दर्ज करने के लिए पुलिस को परिवाद दिया है, लेकिन अभी तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
परिवाद में भाजपा नेता अनिल जैन ने बताया कि कुछ लोग घात लगाकर मेरी हत्या करने की प्लानिंग कर रहे है, जिससे उन्हें लगातार जान माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने बताया कि उनके और उनकें परिवार को लगातार जान माल का खतरा बना हुआ है। अनिल जैन ने कहा कि मुकदमा दर्ज करने का परिवाद देने के बाद भी पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है, जिससे पुलिस की भूमिका पर संदेह पैदा हो रहा है। उन्होंने ने पूरे घटनाक्रम से पुलिस अधीक्षक को भी अवगत करवाया है।
भाजपा नेता अनिल जैन ने अपनी सुरक्षा को खतरा बताते हुए कहा कि पूरे घटनाक्रम को लेकर गृह मंत्री और डीजीपी को अवगत कराया जाएगा जैन ने खुद की सुरक्षा को खतरा बताते हुए पुलिस सुरक्षा की मांग की है
अनिल जैन ने परिवाद सौंपा है। सुबह सांदड़ी कट पर आरोपी के होने की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे, लेकिन आरोपी वाहन सहित भाग निकला, जिसका पीछा भी किया, लेकिन हाथ नहीं आया। उसके घर पर भी दबिश दी गई है। आरोपी की तलाश जारी है। प्रथम दृष्टया मामला लेन-देन का होने की जानकारी मिली है। अभी मामला दर्ज नहीं किया गया है।
देशराज चौधरी, कार्यवाहक, थानाधिकारी, तालेड़ा
वहीं बूंदी के दूसरे मामले में सोशल मीडिया पर मरने की धमकी देने के आरोप में नैनवां थाना पुलिस ने शहर के वार्ड 16 स्थित भवानीनगर निवासी युवक आशिक हुसैन को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी सहदेवसिंह मीणा ने बताया कि बुधवार रात को पुलिस कंट्रोल रूम बूंदी से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सोशल मीडिया पर गले में फंदा लगाकर मरने की धमकी देने का वीडियो डाला है। सूचना पर थाने से ड्यूटी ऑफिसर हेमराज मय जाप्ता युवक की लोकेशन भवानी नगर पहुंचे। मोबाइल नम्बर से सम्पर्क किया तो युवक घर पर मिला। युवक से सोशल मीडिया पर मरने की धमकी के डाले गए वीडियो के बारे में पूछताछ की गई। युवक ने बताया कि वीडियो लोगों को डराने के लिए मजाक-मजाक में डाल दिया था। आवेश आकर बात करने लगा, जिसको थाने पर लाकर शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।